RCB ने पंजाब को हराकर प्लेऑफ का कंफर्म टिकट किया हासिल

Sanchar Now
4 Min Read

आईपीएल 2026 में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में रविवार दोपहर को खेले गए मैच में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। इस टीम ने इस सीजन अपने नौ मुकाबले जीत लिए हैं और 18 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 में कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने पिछले साल के प्रदर्शन को बरकरार रखा है और प्लेऑफ में धमाकेदार एंट्री मारी है। अभी भी इस टीम का एक मुकाबला बचा हुआ है और उसके पास 20 अंकों तक पहुंच कर टॉप टू में फिनिश करने का बेहतरीन मौका है। फिलहाल आरसीबी की टीम 13 मैचों में 9 जीत और चार हार के साथ 18 अंक लेकर टॉप पर बनी हुई है और उसके नाम के आगे क्वालीफाई लिख दिया गया है। आरसीबी का अब तक इस सीजन रन रेट +1.065 है।

आरसीबी ने खड़ा किया 222 रनों का विशाल स्कोर

रविवार, 17 मई को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में दोपहर में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से आज मौका मिलने पर वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंद में 8 चौके और चार छक्कों की मदद से 182.50 के स्ट्राइक रेट के साथ 73 रन बनाए, वहीं विराट कोहली ने 37 गेंद में 58 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे और उनका स्ट्राइक रेट 156.76 का था। आरसीबी की ओर से देवदत्त पडिकल ने 25 गेंद में 45 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने 12 गेंद में 28 रनों की पारी खेली, वहीं जेकब बेथल सात गेंद में 11 रन ही बना सके।

पढ़ें  सनराइजर्स लीड्स नेखरीदा पाकिस्तानी खिलाड़ी तो BCCI ने दे दिया बड़ा बयान, जानिए क्या कहा

199 रन ही बना सकी पंजाब किंग्स

223 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। भुवनेश्वर कुमार ने आज के मैच में शुरुआती दो झटके देकर पंजाब किंग्स की कमर तोड़ दी। साथी गेंदबाज रसिख सलाम डार और जोश हेजलवुड ने भी शानदार गेंदबाजी की, जिसकी वजह से पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 199 रन 8 विकेट के नुकसान पर ही बना सकी। इस मैच में शशांक सिंह ने अकेले लड़ाई लड़ी और उन्होंने 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि शेडगे ने 35 और कूपर कॉनोली ने 37 रनों की परी खेली।

अब पंजाब किंग्स का क्वालीफाई करना मुश्किल

आज का मैच शुरू होने से पहले सिनेरियो यह था कि अगर आरसीबी इस मुकाबले को जीतती है तो वह डायरेक्ट प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। वहीं पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में बने रहने के लिए आज का मुकाबला जीतना बहुत अहम था, लेकिन श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने यह मैच गवां दिया है और अब उसके पास सिर्फ एक मुकाबला बचा है और क्वालीफाई करने के लिए अगर उस मैच को वह जीतते हैं तब भी उसके पास अधिकतम 15 अंक होंगे। इन 15 अंकों में पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना बहुत मुश्किल होगा। हालांकि, रास्ते बंद नहीं हुए हैं लेकिन मुश्किल जरूर है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment