मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेहद भारी बारिश का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। यूपी के वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और देवरिया जिलों में बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी में 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं। कहा गया है कि कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं चलेंगी। कुछ जिलों में आंधी तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। कहीं कहीं हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
सीएम योगी ने जारी किए निर्देश
यूपी में भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ के अलर्ट को लेकर सीएम योगी ने सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने सभी संबंधित जिलों के डीएम को कहा है कि, डीएम स्वयं फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें। जनमानस की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने बारिश की संभावना वाले जिलों के डीएम से कहा है कि, जीर्ण शीर्ण घरों , झोपड़ी में रह रहे लोगो को निकटतम राहत शरणालय में ले जाएं। वहीं प्रशासन को नदियों के जलस्तर, जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
किन जिलों में बंद किए गए स्कूल
- लखनऊ में डीएम ने आज प्री प्राइमरी से लेकर 12 वी तक सभी स्कूल कालेज बन्द करने के आदेश दिए हैं।
- प्रयागराज में बारिश के अलर्ट के चलते कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे।
- औरैया में भी भारी बारिश के मद्देनजर 26 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संज़ीव कुमार ने आदेश जारी कर सभी स्कूलों को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
- कन्नौज में डीएम के आदेश पर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। सभी बोर्ड के सरकारी, गैरसरकारी स्कूल शनिवार को रहेंगे बंद।
- इटावा में भी आज कक्षा 1 से लेकर 12 तक जिलाधिकारी के आदेश के बाद अवकाश घोषित किया गया है।
- अम्बेडकरनगर में भी खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने इण्टर तक सभी विद्यालयों में घोषित किया अवकाश। जिलाधिकारी ने आदेश का कड़ाई से पालन किये जाने का दिया निर्देश।
- पीलीभीत में मौसम विभाग की अत्यधिक बारिश की चेतावनी के बाद विद्यालयों में अवकाश घोषित, जिलाधिकारी के आदेश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलो में रहेगा अवकाश।
- सीतापुर में नर्सरी से 12 वीं क्लास तक के स्कूल बंद रहेंगे।
- बरेली में भी कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूल बंद रहेंगे।
- हरदोई में बारिश के कारण कक्षा 12 तक के बंद रहेंगे स्कूल, DIOS ने जारी किये आदेश।
- कासगंज-जिले में खराब मौसम के चलते कक्षा 1 से 12th तक के 26 सितम्बर को सभी विद्यालय बन्द रखने के डीआईओएस ने जारी किये आदेश। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्यालय बन्द रखने के जारी किए गए आदेश।
- कानपुर में भी भारी बारिश के कारण 26 सितंबर को 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
- मेरठ में भी बारिश के कारण स्कूल बंद रहेंगे।
कन्नौज में एडवाइजरी जारी
कन्नौज में लगातार भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। एडीएम देवेंद्र सिंह ने ग्रामवार लेखपालों और राजस्व टीम को सतर्क किया गया है। भारी वर्षा से पैदा हुई किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये तैयार रहने के निर्देश। प्रशासन की एडवाइजरी का आमजन को पालन कराने के भी निर्देश।जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति और फसल नुकसान पर नजर रखने के निर्देश। एडीएम ने कहा, आपदा की स्थिति में प्रभावितों को अविलम्ब मिलेगी मदद।
