चौधरी केसरी सिंह ‘गुर्जर’ की तृतीय पुण्यतिथि पर संगोष्ठी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में नगर निगम गठन की उठी मांग

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। राष्ट्रीय देहात मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामाजिक न्याय, किसानों व ग्रामीणों के अधिकारों के पैरोकार रहे स्व. चौधरी केसरी सिंह ‘गुर्जर’ की तृतीय पुण्यतिथि पर इंद्रप्रस्थ लॉ कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में संगोष्ठी आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। देहात मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए अपने विचार रखे।

दरअसल, संगोष्ठी में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में नगर निगम के गठन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। देहाती मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव संजय भाटी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और 244 गांवों के लोगों को लंबे समय से संवैधानिक नागरिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल नगर निगम के गठन की घोषणा करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में भागीदारी का अवसर मिल सके।

एडवोकेट महेंद्र अवाना ने कहा कि मोर्चा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने पंचायत चुनाव बंद होने पर भी सवाल उठाते हुए सरकार से किसानों और क्षेत्रवासियों के हित में चुनाव कराने की मांग की।

देहात मोर्चा के वरिष्ठ नेता देवराज नागर ने कहा कि प्राधिकरणों के बोर्ड में जनता का कोई प्रतिनिधि नहीं होने के कारण किसान, बिल्डर, फ्लैट खरीदार और क्षेत्रवासी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने लोकहित में प्राधिकरणों में जनप्रतिनिधित्व की आवश्यकता बताई।

संगोष्ठी की अध्यक्षता चौधरी जयकरण सिंह खेड़ी ने की। कार्यक्रम में डॉ. विपिन गुप्ता, चौधरी सुबेराम डाबरा, चौधरी भीम सिंह सिरसा, नितिन शर्मा, डॉ. विजय गुर्जर, सुनील फौजी, फेडरेशन अध्यक्ष इलम सिंह नागर सहित कई लोगों ने विचार रखे। इस दौरान संजय भाटी बिसरख, अश्विनी पवार, डॉ. अरविंद नागर, जतन भाटी, जगदीश नागर अटटा, तेजपाल सिंह, छविराम सिंह और धर्मवीर सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment