गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ एक बार फिर हिंदुत्व वाली राजनीति पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को घेरते नजर आए। दरअसल, दोनों की पार्टियां राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर इन दिनों खासी मुखर हैं। ऐसे में हिंदुत्व की पिच पर सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार विपक्ष को घेरते दिख रहे हैं। सीएम योगी ने शनिवार की शाम गोरखपुर के कार्यक्रम में सपा-कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है। वहीं, कांग्रेस ने भगवान राम और कृष्ण को मिथक और काल्पनिक साबित करने का प्रयास किया था।
सीएम योगी ने क्या कहा?
सीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा जाति के नाम पर समाज को बांटने की साजिश रचकर विकास प्रक्रिया को बाधित करती हैं। उन्होंने कहा कि इनसे आम लोगों को सतर्क रहना होगा। कांग्रेस पर हमलावर रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि पार्टी शुरू से ही हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जब तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को बुलाया गया, तब भी इसका विरोध कांग्रेस ने ही किया था। सीएम योगी ने सपा पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के बारे में तो कहना ही क्या, सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों ने भारत की आस्था को अपमानित किया है। उनकी सरकारों में दंगे होते थे। पर्व-त्योहार प्रतिबंधित किए जाते थे। कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज जब भाजपा की डबल इंजन सरकार विरासत के संरक्षण और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पचा नहीं पा रही हैं।
हिंदुओं को अपमानित करने का आरोप
सीएम योगी ने जनसभा में कांग्रेस और सपा पर हिंदुओं को अपमानित करने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। समाज को जाति और वर्ग के नाम पर बांटने की साजिश विकास प्रक्रिया को रोकती है। यही काम कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारें करती थीं। इस कारण उनसे विकास नहीं होता था। इन पार्टियों की सरकार में विकास की बजाय हिंदुओं का अपमान किया जाता था।
सीएम योगी ने भगवान श्रीराम को काल्पनिक न कहने के एक कांग्रेस नेता के स्पष्टीकरण वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वास्तविकता यह है, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब उसने 2006 में सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को मिथक और काल्पनिक बताया था।
फोरलेन सड़क का उद्घाटन
सीएम योगी ने शनिवार की शम गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क का उद्घाटन किया। सीएम योगी ने 758 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के बाद वे जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके निशाने पर सपा और कांग्रेस मुख्य रूप से रही।
