ग्रेटर नोएडा में कूड़ा फैलाने वालों पर सख्ती, अवैध डंपिंग करते चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं, एक लाख का जुर्माना

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कूड़े की अवैध डंपिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर जीटा-1 में खाली प्लॉट पर अवैध रूप से कूड़ा डालते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ा। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया।

दरअसल, जांच के दौरान पता चला कि विभिन्न बिल्डर सोसाइटियों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित स्थान पर न ले जाकर सेक्टर जीटा-1 के खाली भूखंडों में डंप किया जा रहा था। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित उनके चालकों को पकड़ लिया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सभी चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह कुल एक लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। साथ ही संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि करते पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त भी किया जा सकता है।

प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बिल्डरों, संस्थानों और नागरिकों से अपील की कि कूड़े का उचित प्रबंधन करें तथा उसे निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि अवैध डंपिंग से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ ग्रेटर नोएडा अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment