वैभव सूर्यवंशी की बदौलत राजस्थान फाइनल की रेस में बरकरार, हैदराबाद टूर्नामेंट से बाहर

Sanchar Now
5 Min Read

नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद 47 रन से मात दी। इस जीत के साथ ही राजस्‍थान की टीम दूसरे क्‍वालिफायर में पहुंच गई है। 29 मई को राजस्‍थान का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम रविवार को होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टकराएगी।

सबसे बड़ा स्‍कोर बनाया

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी राजस्‍थान ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 243 रन बनाए। यह राजस्थान का आईपीएल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी तूफानी पारी से टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वैभव ने महज 29 गेंदों में 12 छक्कों की बदौलत 97 रन बनाए।

अंतिम ओवर्स में धीमी पड़ी

पहले 10 ओवरों में राजस्थान ने 136 रन बनाए थे और 15वें ओवर तक टीम का स्कोर 200 के पार जा चुका था। आखिरी के ओवरों में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने वापसी की और राजस्थान को 250 के पार जाने से रोक दिया। राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी के पांच ओवरों में महज 36 रन बनाए और पांच विकेट गवां दिए।

हैदराबाद का टॉप ऑर्डर नहीं चला

244 रन चेज करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। जोफ्र आर्चर के तूफान में हैदराबाद का टॉप ऑर्डर उड़ गया। पावरप्‍ले में टीम को 4 झटके लग चुके थे। 7 आवेर तक तो आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा कैच आउट हुए। उनका खाता तक नहीं खुला।

पढ़ें  बैन हटने के कुछ घंटों बाद ही पाक कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट पर फिर लगा प्रतिबंध, जानिए क्यों?

ईशान किशन (33), स्मरण रविचंद्रन (1), ट्रेविस हेड (17) और हेनरिक क्‍लासेन (18) भी कुछ खास नहीं कर पाए। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने 38 रनों का योगदान दिया। कप्‍तान पैट कमिंस 1 रन ही बना सके। सलिल अरोड़ा ने 35 और ईशान मलिंगा ने 5 रनों का योगदान दिया।

पैट कमिंस ने जीता टॉस

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्‍तान पैट कमिंस ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही अपने तूफानी तेवर दिखा दिए। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस को छक्का लगाया। इसके बाद तो उन्होंने मैदान के हर तरफ शॉट जड़ने शुरू कर दिए। उन्होंने पैट कमिंस को एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाए। इसके बाद साकिब हुसैन के ओवर में भी तीन छक्के लगाए।

उन्होंने हैदराबाद की गेंदबाजी को पूरी तरफ से ध्वस्त कर दिया था। टीम के अनुभवी पैट कमिंस भी उनके सामने लय में नजर नहीं आए। वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरैल ने भी महज 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि, आखिरी के ओवरों में टीम के बल्लेबाज उतने रन नहीं जुटा सके।

यशस्‍वी जायसवाल ने 29 और कप्‍तान रियान पराग ने 26 रन की पारी खेली। हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने तीन विकेट लिए, जबकि कप्तान पैट कमिंस सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवरों में 16 की इकोनामी से 64 रन दिए। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।

सबसे तेज शतक बनाने से चूके

वैभव सूर्यवंशी न्यू चंडीगढ़ के मैदान में आईपीएल का एक इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच गए थे। उनके पास आईपीएल का सबसे तेज शतक बनाने का मौका था। वह 28 गेंदों में 97 रन बनाकर खेल रहे थे। प्रफुल हिंगे की बाउंसर पर वह थर्ड मैन पर स्मर्ण रविचंद्रन को कैच थमा बैठे थे। अगर इस गेंद पर उन्हें बाउंड्री मिल जाती तो वह 29 गेंदों तक शतक जड़कर इतिहास रच सकते थे, लेकिन वह एक शॉट से चूक गए।

पढ़ें  चैंपियंस ट्रॉफी विवाद पर फूटा शाहिद अफरीदी का गुस्सा, BCCI को जमकर लताड़ा

अपना कामधाम छोड़कर पूरे भारत के लोग वैभव के सबसे तेज शतक को देखने के लिए बेकरार थे, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2013 में पुणे वारियर्स के विरुद्ध 30 गेंदों में शतक जड़ा था। हालांकि वैभव 35 और 36 गेंदों में भी शतक जड़ चुके हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment