भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा से ही रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं. इनका असर क्रिकेट और सिनेमा जगत पर भी देखने को मिलता है. करीब 10 साल पहले भारत की तरफ से पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर पाबंदी लगा दी गई थी. अब इस बैन पर पाकिस्तान के मशहूर सिंगर आतिफ असलम ने चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि बैन के बावजूद भारतीय फैंस उनके गाने सीडी और VPN के इस्तेमाल से सुनते रहते हैं.
मेरे फैंस VPN की मदद से गाने सुनते हैं
आतिफ असलम ने हाल ही में शो ‘वन ऑन वन विद क्रिस फेड’ पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों को लेकर चर्चा की. तभी उन्होंने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के बैन को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘बीते दस सालों में मैंने वहां (भारत) कोई गाना नहीं किया. लेकिन, मेरे फैंस मेरे गाने VPN की मदद से और CD बनाकर एक-दूसरे को बांटकर सुनते हैं. जहा संगीत को पहुंचना है वो पहुंच ही जाएगा.’ आगे आतिफ ने भारतीय फैंस के लिए कहा, ‘मुझे भारत में काम करने की कमी नहीं खल रही है, लेकिन मुझे आपकी याद आती है.’
भारत में मुझ पर 10 साल से बैन लगा है
आतिफ असलम ने आगे कहा, ’10 साल हो चुके हैं मुझ पर भारत में बैन लगे हुए. ये फैसला भारत सरकार ने लिया था. उन्होंने अन्य पाकिस्तानी आर्टिस्ट को भी बैन किया और बाद में पाकिस्तान ने भी भारतीय कलाकारों पर प्रतिबंध लगा दिया.’ आगे आतिफ ने ये भी कहा कि जिन लोगों ने मुझे बैन किया मैं उनका भी धन्यवाद करता हूं.
उरी हमले के बाद बढ़ा था तनाव
बता दें कि सितंबर 2016 में पाकिस्तानी आतंकियों ने भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर हमला किया था. उस दौरान गुड़गांव में आतिफ का एक शो होने वाला था जिसे रद्द कर दिया गया था. फिर ‘इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन’ (IMPPA) ने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर रोक लगाने के लिए पहल की थी और प्रस्ताव पारित किया था. जबकि साल 2019 में हुए पुलवामा अटैक के बाद इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया था और बाद में पाकिस्तान ने भी भारतीय कलाकारों के लिए ऐसा ही किया था.
आतिफ असलम के पॉपुलर गाने
आतिफ असलम उन पाकिस्तानी सिंगर्स में शामिल हैं जिन्हे भारत में फैंस काफी पसंद करते हैं. बॉलीवुड में उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत साल 2005 की फिल्म ‘कलयुग’ के गाने ‘आदत’ से की थी. उन्होंने ‘वो लम्हे’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘जीने लगा हूं’, ‘तेरे संग यारा’ जैसे गानों से पहचान बनाई है.
