भाजपा के दो विधायकों में जमीन कब्जे पर छिड़ी रार, गालीगलौज और हाथापाई तक पहुंचा मामला

Sanchar Now
3 Min Read

उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे के किनारे की बेशकीमती जमीन पर खुद के कब्जे का दावा कर भाजपा के सदर विधायक व मोहान विधायक मंगलवार को आमने सामने हो गए। सीमेंट के पिलर खड़े किए जाने की सूचना पर पहुंचे मोहान विधायक के समर्थकों ने कुछ पिलर भी गिरा दिए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजस्व टीम द्वारा पैमाइश होने तक यथास्थिति बनाए रखने की बात कह पुलिस बल तैनात कर दिया। माेहान विधायक ने सदर विधायक व उनकी बहन को नामजद कर डीएम व सदर कोतवाली में तहरीर दी है। सदर विधायक ने भी बहन की ओर से तहरीर दिलवाने की बात कही है।

मोहान विधायक ब्रजेश रावत ने बताया कि कानपुर-लखनऊ हाईवे पर नवीनमंडी के पास ओरवब्रिज ढाल से पहले सर्विस लेन पर उनकी छह बीघा जमीन है। यह जमीन उन्हें नाना-नानी ने दी थी, जिसमें उनके अलावा दो अन्य भाइयों का हिस्सा है। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने अपनी बहन दीप्ति के नाम बगल की कुछ जमीन खरीदी और कब्जा उनकी जमीन पर करने का प्रयास किया। जिस पर वह 2019 में सिविल कोर्ट चले गए थे।

कोर्ट ने जमीन नंबर पर स्टे कर यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए। इसके बाद भी सदर विधायक पंकज गुप्ता की बहन दीप्ति गुप्ता ने जमीन के चारों ओर सीमेंट के पिलर गड़वाकर कब्जा करना शुरू कर दिया। मंगलवार दोपहर जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचे। इस पर सदर विधायक की बहन के साथ माैजूद लोगों ने गाली-गलौज कर हाथापाई की।

इस पर सदर कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनी और राजस्व टीम से नापजोख होने तक दोनों पक्षों से यथास्थिति बनाए जाने की बात कह वहां पुलिस बल तैनात कर दिया। मोहान विधायक ब्रजेश रावत के अनुसार तहसील प्रशासन सदर विधायक के दबाव में स्टे की जमीन पर नाप कराने की बात कह रहा है। जबकि, अन्य मामलों में तहसील प्रशासन कोर्ट का स्टे होने का हवाला देकर कुछ न करने की बात कहता है और हस्तक्षेप भी नहीं करता है।

पढ़ें  UP में सरकारी डॉक्टर 70 वर्ष की उम्र तक दे सकेंगे सेवाएं… डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का ऐलान

ब्रजेश रावत ने बताया कि उनके भाई राजेश रावत ने सदर विधायक पंकज गुप्ता व उनकी बहन दीप्ति गुप्ता के विरुद्ध सदर कोतवाली व डीएम को शिकायती पत्र दिया है। वहीं सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि इस मामले से उनका कोई लेना देना ही नहीं है। बहन से जमीन का विवाद चल रहा है।

तहसील प्रशासन नापजोख कर लें, यदि जमीन उनकी निकले तो उन्हें दे दी जाए। हाथापाई व गाली-गलौज का आरोप निराधार है। यदि मेरे खिलाफ कोई तहरीर दी गई है तो बहन की ओर से भी तहरीर दिलवा रहा हूं। सदर कोतवाल ने बताया कि जमीन विवाद को देखते हुए राजस्व टीम द्वारा नापजोख न होने तक वहां पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment