‘सनातन का अपमान करने वालों का सूपड़ा-साफ होगा’, बंगाल में BJP की जीत पर गरजे योगी

Sanchar Now
5 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम के लिए वहां की जनता का अभिनंदन करते हुए इसे जन उपेक्षा करने वाले राजनीतिक दलों के लिए बड़ा सबक बताया है. उन्होंने कहा कि जो भी जनता की उपेक्षा करेगा, विकास के पैसे पर डकैती डालेगा, गुंडों को प्रश्रय देगा और सनातन का अपमान करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है. पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा करके दिखा भी दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अब पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनेगा.

दरअसल, सीएम योगी मंगलवार को जंगल बेनी माधव में नवनिर्मित कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का उद्घाटन तथा गोरखपुर के विकास से जुड़ी 612.32 करोड़ रुपये की 71 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छा परिणाम लाती है. अच्छी सरकार न होने पर परिणाम पश्चिम बंगाल जैसा होता है.

यूपी व गोरखपुर में वर्ष 2017 के बाद से जारी विकास व जनकल्याण कार्यों का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम भी आते हैं. आज यही परिणाम गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश में दिख रहे हैं.

‘कांग्रेस, सपा सरकारों के भ्रष्टाचार का स्मारक था बंद खाद कारखाना’

सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का बंद खाद कारखाना कांग्रेस, सपा सरकारों के भ्रष्टाचार का स्मारक बना हुआ था. आज यह खाद कारखाना शानदार तरीके से चल रहा है. नकहा से फर्टिलाइजर फैक्टरी व स्पोर्ट्स कॉलेज जाने के लिए ओवरब्रिज बन गया है. बरगदवा से नकहा होते हुए मोहद्दीपुर तक फोर-लेन सड़क बन गई है. महेश्वर में मुख्य मार्ग फोर-लेन होने से अब जाम नहीं लगता.

पढ़ें  यहां लगती है दुल्हनों की मंडी! YouTube पर वीडियो देख लड़की खरीदने 450KM दूर से पहुंचा लड़का, फिर…

सीएम ने आगे कहा कि महेसरा से लखनऊ जाने के लिए जल्द ही माधोपुर, हाबर्ट बंधा होते हुए राजघाट तक के लिए फोर-लेन कनेक्टिविटी मिल जाएगी. तब महेसरा से राजघाट जाने में महज पांच मिनट लगेंगे, फोर-लेन बनने से तटबंध भी सुदृढ़ होगा. पहले गोरखपुर से लखनऊ जाने में 8-9 घंटे लगते थे, आज यह दूरी तीन-साढ़े तीन घंटे में पूरी हो जाती है. वाराणसी जाने में लगने वाला समय भी घटकर ढाई घंटे हो गया है. जंगल कौड़िया से जगदीशपुर तक बन रहे फोर-लेन बाईपास से महेसरा होकर कुशीनगर जाने में सिर्फ आधा घंटा लगेगा.

‘तेज विकास से ही आएगी समृद्धि’

सीएम योगी ने कहा कि गति जितनी तेज होगी, विकास भी उतना ही तेज होगा. विकास जितना तेज होगा, उतनी ही तेजी से व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की समृद्धि होगी. इसी समृद्धि के लिए गोरखपुर का विस्तार किया जा रहा है और जंगल कौड़िया, जगदीशपुर बाईपास रोड इस विस्तार का आधार बनेगी. एम्स, बीआरडी की सुदृढ़ता, आयुष विश्वविद्यालय और अनेक नई सुविधाओं के विकास से लोगों को राहत मिली है. युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की आत्मनिर्भरता, कारोबार में वृद्धि हो रही है. जब नए निवेश आएंगे तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

‘अब सुरक्षा, स्वच्छता, समृद्धि व मजबूत सड़कों से गोरखपुर की पहचान’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने गोरखपुर की छवि को बदला. पहले गोरखपुर की पहचान मच्छर व माफिया से थी. अब माफिया और मच्छर, दोनों गायब हैं. अब गोरखपुर की पहचान सुरक्षा, स्वच्छता, समृद्धि और मजबूत सड़कों से है. अब यहां का नौजवान पहचान का मोहताज नहीं, बल्कि सीना तानकर बताता है कि वह गोरखपुर का है. मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी कार्यप्रणाली भ्रष्ट थी, जो माफिया पालते थे, अराजकता फैलाते थे, उन्होंने प्रदेश की पहचान को शक के दायरे में ला दिया था. उनकी सरकार ने सुरक्षा का माहौल और समृद्धि देकर राज्य को नई मजबूत पहचान दिलाई है.

पढ़ें  कानपुर IIT ने बनाया स्मार्ट ब्रा, पहनते ही बता देगा ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, जानें इसकी और खूबियां

सीएम ने बताई कल्याण मंडपम की खूबी

मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम और अन्य विकास परियोजनाओं की खूबी भी बताई. उन्होंने कहा कि कल्याण मंडपम अल्प व मध्यम आयवर्ग के लोगों के सार्वजनिक कार्यक्रमों को भव्य व यादगार बनाने का माध्यम बनेगा. शहर में कुल 9 कल्याण मंडपम या तो बन गए हैं या निर्माणाधीन हैं. इसे बनाने के लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से राशि दी है. आज जिस एकीकृत मंडलीय कार्यालय का शिलान्यास हुआ है, वहां सभी अधिकारी एक ही छत के नीचे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे. हर तबके की आवासीय सुविधा के लिए कुश्मी एंक्लेव का शिलान्यास हुआ है. इन सभी परियोजनाओं से लोगों का जीवन आसान होगा.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment