देहरादून – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन में नई नियुक्तियों की घोषणा करते हुए तीरथ सिंह रावत को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यानि रावत अब संगठन में टॉप-2 में शुमार हो गए हैं। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी सूची में तीरथ सिंह रावत का नाम राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में दूसरे स्थान पर है। उनके साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के प्रमुख भाजपा नेताओं में शामिल हैं। वह वर्ष 2021 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं। इससे पहले वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब राष्ट्रीय संगठन में उपाध्यक्ष बनाए जाने से उत्तराखंड भाजपा में भी इसे महत्वपूर्ण राजनीतिक जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी –
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार वसुंधरा राजे सिंधिया (राजस्थान), तीरथ सिंह रावत (उत्तराखंड), राम माधव (दिल्ली), बैजयंत जय पांडा (ओडिशा), डी. पुरंदेश्वरी (आंध्र प्रदेश), रेखा वर्मा (उत्तर प्रदेश), वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी (गुजरात), डॉ. भारती प्रवीन पवार (महाराष्ट्र), सरदार मनजीत सिंह बादल (पंजाब), लाल सिंह आर्य (मध्य प्रदेश), प्रो. एम. नागराज (कर्नाटक), प्रो. तारिक मंसूर (उत्तर प्रदेश) और डॉ. मधुचंद कर (पश्चिम बंगाल) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय संगठन में मिली इस जिम्मेदारी को उत्तराखंड के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। लिहाजा यहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव है उनके सामने एक बड़ी चुनौती भी होगी, नई जिम्मेदारी के साथ अब उनकी भूमिका प्रदेश से आगे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण होगी।
