आगरा में दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं की बोलेरो पेड़ से टकराई, पांच की मौत

Sanchar Now
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान के प्रसिद्ध कैला देवी मंदिर से दर्शन कर अपने घर इटावा लौट रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

खिड़कियां तोड़कर निकाले गए शव

हादसा आगरा के थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत पई गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कार के दरवाजे बुरी तरह फंस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

हंसता-खेलता परिवार खत्म

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 35 वर्षीय देवेंद्र, उनकी 30 वर्षीय पत्नी सीमा देवी, उनकी महज 3 साल की मासूम बेटी आराध्या, देवेंद्र के 70 वर्षीय पिता कांता प्रसाद और चालक ऋषि (20 वर्ष) शामिल हैं। एक साथ परिवार की तीन पीढ़ियों के खत्म होने की खबर से इटावा में उनके पैतृक निवास पर कोहराम मच गया है।

नींद की झपकी बनी काल!

हादसे में घायल हुए अन्य चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज (इटावा) रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि शुरुआती जांच और घटनास्थल के हालात को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि देर रात गाड़ी चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण तेज रफ्तार बोलेरो सीधे पेड़ में जा घुसी। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम अब इस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment