ग्रेटर नोएडा में दो और बड़े विश्वविद्यालय खुलने की उम्मीद, प्राधिकरण ने चिह्नित की जमीन

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में दो और नामी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी चल रही है। राजस्थान की माधव गोविंद विश्वविद्यालय और नोएडा के जेएसएस विश्वविद्यालय ने ग्रेटर नोएडा में विश्वविद्यालय खोलने के लिए रुचि दिखाई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दोनों विश्वविद्यालयों के लिए जमीन चिह्नित कर दिखा दी है, उनको ये जमीन पसंद भी आ गई है। अगर दोनों विश्वविद्यालयों को जमीन आवंटित हुई तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को लगभग 550 करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी होगी।

औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा की पहचान शिक्षा के हब के रूप में भी है। देश-विदेश से छात्र-छात्राएं यहां शिक्षा प्राप्त कर अपना भविष्य बना रहे हैं। यहां कई नामी विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान चल रहे हैं। इसी कड़ी में दो और विश्वविद्यालयों के नाम भी जल्द जुड़ने जा रहे हैं। नोएडा के जेएसएस विश्वविद्यालय और राजस्थान के माधव गोविंद विश्वविद्यालय ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से विश्वविद्यालय बनाने के लिए जमीन की मांग की है। दोनों शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से मिले।

लोगों को मिलेगा रोजगार

सीईओ ने उन्हें जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सीईओ के निर्देश पर संस्थागत विभाग के विभागाध्यक्ष संतोष कुमार ने दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों को टेकजोन टू में 28 एकड़ और टेकजोन में स्टेलर आईटी पार्क के पास 33 एकड़ के भूखंड दिखा दिए हैं। ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि दोनों संस्थानों के प्रबंधन को ये भूखंड पसंद भी आ गए हैं। दोनों विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने शीघ्र ही औपचारिक प्रस्ताव के साथ प्राधिकरण आने की बात कही है।

पढ़ें  उन्नति ग्रुप रियल एस्टेट कंपनी के प्रमोटर अनिल मिठास को ईडी ने गिरफ्तार किया, 200 करोड़ का है मामला

अगर ये दोनों संस्थाएं ग्रेटर नोएडा में विश्वविद्यालय बनाने के लिए जमीन खरीदती हैं तो प्राधिकरण को इससे 550 करोड़ रुपये से अधिक की आमदनी होगी। साथ ही विश्वविद्यालय बनने पर बड़े पैमाने पर निवेश भी होगा। छात्रों को दो नए और आधुनिक विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिलेगा। साथ ही तमाम लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment