उत्तर प्रदेश में रामनवमी के मौके पर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य में स्कूल और कई सरकारी दफ्तर लगातार चार दिन बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छुट्टियों को बढ़ाने का ऐलान किया है. पहले सिर्फ 26 मार्च की छुट्टी थी, लेकिन अब 27 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है. इस फैसले के बाद लोगों को लंबा वीकेंड मिल गया है.
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती
सरकार ने ये निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है. रामनवमी के दौरान अयोध्या समेत कई मंदिरों में भारी भीड़ जुटती है. खासकर अयोध्या में लाखों लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में भीड़ को संभालना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन जाता है. इसी वजह से प्रशासन ने छुट्टी बढ़ाने का सुझाव दिया था.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों की भावनाओं और प्रशासन की जरूरत को देखते हुए इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. इसके बाद प्रदेश के सरकारी स्कूल, कॉलेज, बैंक और कई कार्यालय बंद रहेंगे. इससे प्रशासन को व्यवस्था संभालने में आसानी होगी. साथ ही लोगों को भी त्योहार मनाने का पूरा समय मिल सकेगा.
किस दिन रहेगा अवकाश?
अगर छुट्टियों की बात करें तो 26 मार्च को अष्टमी और रामनवमी के कारण विशेष अवकाश रहेगा. 27 मार्च को रामनवमी की सार्वजनिक छुट्टी होगी. इसके बाद 28 मार्च को महीने का चौथा शनिवार है, जिस दिन बैंक और कई सरकारी दफ्तर बंद रहते हैं. फिर 29 मार्च को रविवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा. इस तरह लगातार चार दिन तक कामकाज प्रभावित रहेगा.
हालांकि निजी स्कूल और संस्थान अपने हिसाब से छुट्टियों का फैसला कर सकते हैं. इसलिए छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल से मिली आधिकारिक सूचना का इंतजार करें. कुल मिलाकर यह फैसला त्योहार के दौरान व्यवस्था और सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है.
