उत्तराखंड की बेटी सनाया भंडारी ने तीरंदाजी में जीता गोल्ड, ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करना है लक्ष्य

Sanchar Now
2 Min Read

श्रीनगर गढ़वाल। युवा तीरंदाज सनाया (माही) भंडारी ने बिजनौर में आयोजित सीबीएसई नार्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप में अंडर-14 वर्ग की सिंगल और डबल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। करीब 600 प्रतिभागियों के बीच सनाया ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर यह उपलब्धि अर्जित की है।

सनाया ने इंडियन राउंड (70 और 30 मीटर) में सटीक निशानेबाजी और बेहतरीन एकाग्रता का परिचय देते हुए दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। बालिका की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक प्रतिभा धामी और कुलदीप बिष्ट की मेहनत और मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।

 राष्ट्रीय स्तर तक बनाई अलग पहचान

लगातार अभ्यास और तकनीकी प्रशिक्षण के दम पर बिटिया ने कम समय में राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी अलग पहचान बनाई है। सनाया बीते वर्ष मार्च में आंध्र, जून में नैनीताल और नवंबर में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय आर्चरी चैंपियनशिप में भी उन्होंने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।

सनाया नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी की पुत्री हैं। उनकी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से वह बहुत खुश है। सनाया ने उतराखंड और श्रीनगर गढ़वाल का मान बढ़ाया है।

अब, देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतना मेरा लक्ष्य: सनाया

सीबीएसई नार्थ जोन राष्ट्रीय आर्चरी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली सनाया भंडारी ने कहा कि अब वह ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना चाहती है। इसी लक्ष्य को लेकर वह तैयारी में जुट गई हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment