कौन हैं महबूब अली? यूपी चुनाव में सपा ने छठी बार बनाया उम्मीदवार, अमरोहा से 5 बार जीते

Sanchar Now
2 Min Read

अमरोहा। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने मंगलवार को पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। इसमें अमरोहा विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी ने एक बार फिर पुराने और अनुभवी चेहरे पर भरोसा जताया है।

महबूब अली का राजनीतिक सफर करीब चार दशक पुराना है। चार अप्रैल 1953 को अमरोहा के शकरपुर समसपुर गांव में जन्मे महबूब अली ने राजनीति की शुरुआत सहकारिता और किसान संगठनों के माध्यम से की थी। 1985 में वह उत्तर प्रदेश दुग्ध संघ के निदेशक चुने गए।

वर्ष 1986 से 1988 तक मुरादाबाद दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के संचालक एवं अध्यक्ष रहे। वर्ष 1990 से 1992 तक किसान यूनियन के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। नवंबर 1993 में वह पहली बार 12वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद 2002 में 14वीं विधानसभा में पहुंचे।

फरवरी 2003 में उन्हें मायावती सरकार में मुस्लिम वक्फ विभाग का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। अक्टूबर 2003 से फरवरी 2006 तक मुलायम सिंह यादव सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। 2007 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर उन्होंने अमरोहा विधानसभा में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। इसके बाद 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी लगातार जीत दर्ज की।

अखिलेश यादव सरकार में वर्ष 2012 से 2017 तक वस्त्र एवं रेशम उद्योग विभाग के राज्यमंत्री रहे। वहीं जनवरी 2018 से मार्च 2022 तक विधानसभा की लोक लेखा समिति के सभापति की जिम्मेदारी संभाली। 2022 के चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को बड़े अंतर से पराजित किया था। अब 2027 के चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर सपा ने उनके राजनीतिक अनुभव पर फिर दांव लगाया है।

पढ़ें  हरिद्वार में पुलिस ने दो नाबालिग बहनों को छुड़ाया, जिस्मफरोशी में धकेलने की थी तैयारी, शाम को होना था सौदा
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment