चीखती युवती को सड़क से जबरन उठाकर होटल ले गया युवक, मेरठ में दुस्साहसिक वारदात

Sanchar Now
4 Min Read

मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती होटल से बाहर निकलकर ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके पीछे एक युवक दौड़ता हुआ आया और बाल पकड़कर उसे जबरन वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश करने लगा. युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

भीड़ देखकर होटल के अंदर भागा युवक

लोगों को अपनी ओर आते देख युवक युवती को छोड़कर होटल के अंदर भाग गया. कुछ लोगों ने उसे पकड़ने के लिए होटल में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया. कर्मचारियों ने कहा कि वे खुद युवक को नीचे लेकर आएंगे. इसी दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

तीसरी मंजिल की छत से कूदकर फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोग होटल के अंदर आरोपी की तलाश कर रहे थे, तभी युवक तीसरी मंजिल की छत से पड़ोस की इमारत पर कूदकर फरार हो गया. कुछ लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया. बताया गया कि आरोपी के भागने के बाद होटल का पिछला दरवाजा भी बंद कर दिया गया.

एक साल पहले हुई थी दोनों की मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली युवती की लगभग एक साल पहले कंकरखेड़ा क्षेत्र के रहने वाले सलमान से मुलाकात हुई थी. दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वे एक-दूसरे से मिलने लगे.

पढ़ें  उत्तर प्रदेश सुगम्य व्यापार-2025 अध्यादेश लागू, औद्योगिक अपराधों पर अब सजा नहीं सिर्फ जुर्माना, निवेशकों को राहत

कुछ महीने पहले युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और दोनों का संपर्क कम हो गया. आरोप है कि सलमान लगातार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती उससे दूरी बनाए हुए थी.

कमरे में बंद रखने और धमकाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले युवती अपनी सहेली के घर आई थी. इसी दौरान सलमान ने उसे काम का बहाना बनाकर बुलाया और आबूलेन मार्केट स्थित एक होटल में ले गया. युवती का आरोप है कि वहां उसे कमरे में बंद रखा गया और बाहर नहीं निकलने दिया गया. उसने बताया कि आरोपी चाकू दिखाकर धमकाता था और कहता था, “अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा. जान से मार दूंगा.”

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले जाकर पूछताछ की. वहीं हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि युवती को प्रेम प्रसंग में फंसाकर उसका शोषण किया गया. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है. युवती के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment