जेवर में मेडिकल उपकरण निर्माण इकाई लगाएगी रूस की फार्मस्टैंडर्ड कंपनी, प्रस्तावित जमीन का किया निरीक्षण

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक चिकित्सा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में विदेशी निवेश की संभावनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। रूस की प्रमुख दवा कंपनियों में शामिल फार्मस्टैंडर्ड जेएससी (Pharmstandard JSC) के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक भूखंड का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने यहां चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने के लिहाज से जमीन और आसपास की परिस्थितियों का प्रारंभिक आकलन किया।

दरअसल, इससे एक दिन पहले 23 नवंबर को लखनऊ में कंपनी के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश शासन, पुलिस विभाग और इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और प्रस्तावित परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सरकार की ओर से परियोजना को नीतियों के अनुरूप हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया गया।

लखनऊ में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक

लखनऊ में हुई बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के सचिव और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद तथा इन्वेस्ट यूपी की अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रेरणा शर्मा शामिल हुईं। बैठक में प्रस्तावित चिकित्सा उपकरण निर्माण परियोजना के लिए निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और उत्तर प्रदेश में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की गई। आलोक कुमार ने प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों के तहत परियोजना को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इन अधिकारियों ने किया जेवर क्षेत्र का दौरा

रूसी प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित भूखंड का निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई की स्थापना के लिए स्थल की उपयुक्तता का प्रारंभिक आकलन करना था। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय निवेश और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पढ़ें  यमुना प्राधिकरण का बुलडोजर अभियान: झाझर-ककोड़ क्षेत्र में 2500 करोड़ कीमत की 250 बीघा भूमि कराई मुक्त

प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहे शामिल

फार्मस्टैंडर्ड और उससे जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल में अलेक्जेंडर प्रोस्विर्याकोव (सीईओ, TZMOI), डॉ. झान्ना दिमित्रोवा (उप निदेशक, Pharmstandard-Medtechnica), अलेक्जेंडर मिगाचेव (उप निदेशक, TZMOI), अमर दीप सिंह (सीईओ, भारत परिचालन) और डॉ. इरीना पिंगोरिना (निदेशक, रणनीति) शामिल रहे। प्रस्तावित परियोजना आगे बढ़ने पर जेवर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चिकित्सा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में नई औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। हालांकि, फिलहाल प्रतिनिधिमंडल ने जमीन का प्रारंभिक निरीक्षण किया है। परियोजना के निवेश, उत्पादन क्षमता और स्थापना की समयसीमा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment