टौंस नदी पर आधुनिक तकनीक का कमाल: मंत्री सतपाल महाराज ने किया नंदा की चौकी पुल का औचक निरीक्षण

Sanchar Now
2 Min Read

देहरादून। प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी (टौंस नदी) पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि पुल का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर पुल को आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।मंत्री ने बताया कि बाढ़ के बाद प्रभावित हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना का पुनर्निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुल की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक ओपन फाउंडेशन के बजाय अत्याधुनिक और अधिक सुरक्षित वेल फाउंडेशन (Well Foundation) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने बताया कि नदी के दोनों किनारों पर आरसीसी सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही पुल के अन्य तीन पिलरों को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष सुरक्षात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी परिस्थितियों में पुल को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह तथा ओमपाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment