यमुना प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: 1200 करोड़ की 300 एकड़ भूमि कब्जा मुक्त, अवैध कॉलोनियों पर चला बुल्डोज़र

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिसूचित क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों और कॉलोनी निर्माणों पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों और ज़िलाधिकारी व एसएसपी अलीगढ़ के नेतृत्व में विशेष कार्याधिकारी (OSD) शैलेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में टप्पल, हामिदपुर और स्यारोल गांवों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में करीब 300 एकड़ अधिसूचित भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1200 करोड़ रुपये आंकी गई है। अभियान के दौरान ‘द ग्रैंड कॉलोनाइज़र’ और ‘वृंदावन कॉलोनी’ जैसी कई अवैध कॉलोनियों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त किया गया।

दरअसल, OSD शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण द्वारा अवैध अतिक्रमण और कॉलोनाइजेशन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भूमाफियाओं और अवैध कॉलोनाइज़रों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि अधिसूचित क्षेत्र की भूमि को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे फर्जी कॉलोनाइज़र और प्रॉपर्टी डीलरों से सतर्क रहें, जो भोले-भाले खरीदारों को गुमराह कर अवैध भूमि बेचने का प्रयास करते हैं।

अभियान के दौरान विशेष कार्याधिकारी शिवअवतार सिंह, अभिषेक शाही, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश कुमार, यीड़ा पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र कुमार चौहान, तथा अलीगढ़ प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी व प्राधिकरण के परियोजना व भूलेख विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्राधिकरण के इस सख्त एक्शन से क्षेत्र में अवैध कॉलोनी माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को साहसिक और सराहनीय कदम बताया है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment