आपदा पीड़ितों तक पहुंची योगी सरकार, प्रभारी मंत्रियों ने घर-घर जाकर बांटे 4-4 लाख के चेक

Sanchar Now
7 Min Read

 उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आई तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई. कई जिलों में मकान ढह गए, पेड़ और बिजली के पोल गिर पड़े, जबकि कई लोगों की जान चली गई. अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. कहीं शादी वाले घर में मातम छा गया तो कहीं बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में पहुंचने और पीड़ित परिवारों को राहत देने के निर्देश दिए. इसके बाद अलग-अलग जिलों में मंत्री खुद गांवों तक पहुंचे, पीड़ित परिवारों से मिले और उन्हें आर्थिक सहायता के चेक सौंपे.

उन्नाव में छह लोगों की मौत, मंत्री धर्मपाल सिंह ने बांटे चेक
उन्नाव में तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की वजह से छह लोगों की मौत हो गई. इसके बाद जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह विकास भवन पहुंचे और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे. मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का मुकाबला कोई नहीं कर सकता. जान की भरपाई कभी नहीं हो सकती, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने का काम कर रही है. उन्होंने परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है.

मीरजापुर में अनुप्रिया पटेल ने परिजनों को बंधाया ढांढस
मीरजापुर में आकाशीय बिजली और तूफान की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के घर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पहुंचीं. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. चुनार और सदर तहसील के गांवों में पहुंचकर उन्होंने दोनों पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की राहत सहायता दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है.

पढ़ें  70 रुपये को लेकर हत्या में दो दोषियों को उम्रकैद, तीन साल पुराने मामले में सुनाई गई सजा

भदोही में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
भदोही में तूफान ने एक शादी वाले घर को मातम में बदल दिया. जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद कुछ लोग गांव के मंदिर में मोरी चढ़ाने गए थे. तभी तेज आंधी में मंदिर के पास खड़ा पुराना नीम का पेड़ गिर पड़ा. हादसे में कई लोग उसकी चपेट में आ गए. प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा प्रभावित गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने 13 प्रभावित परिवारों को चार-चार लाख रुपये के डेमो चेक सौंपे. मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता के सुख-दुख में बराबर की भागीदार है. प्रशासन के मुताबिक, जिले में अब तक 16 लोगों की मौत, 12 लोगों के घायल होने, 20 मकानों के क्षतिग्रस्त होने और 28 पशुओं की मौत की घटनाएं दर्ज की गई हैं.

रायबरेली में प्रभावित परिवारों को राहत और आवास योजना का लाभ
रायबरेली में भी बेमौसम बारिश और आंधी से कई परिवार प्रभावित हुए. उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खीरों ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में पीड़ित परिवारों को राहत राशि वितरित की. यहां जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति और घायलों को आर्थिक सहायता दी गई. साथ ही दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र भी सौंपे गए. मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि राहत वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों तक समय से मदद पहुंचे.

लखीमपुर खीरी में छत गिरने से गई रतिराम की जान
लखीमपुर खीरी के जमुनिया कढ़ीले गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर गई. हादसे में 40 वर्षीय रतिराम की मौत हो गई. घटना के बाद जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने मृतक की पत्नी और बच्चों को चार लाख रुपये की दैवीय आपदा सहायता, गृह अनुदान और राशन किट सौंपी. मंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण में भी मदद करेगी. जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना, पारिवारिक लाभ योजना, निराश्रित महिला पेंशन और सीएम बाल सेवा योजना से भी जोड़ा जा रहा है.

पढ़ें  BJP अध्यक्ष नितिन का लखनऊ दौरा, जातिगत समीकरण पर नजर, 41 जगहों पर 25 जातियों के लोगों ने किया स्वागत

प्रयागराज में प्रभावित गांवों का दौरा
प्रयागराज में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हंडिया, फूलपुर और सोरांव तहसील के प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की देरी न हो. मंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं या फसलें खराब हुई हैं, उनका तुरंत सर्वे कराया जाए और नियमानुसार सहायता दी जाए. साथ ही बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था जल्द बहाल करने के निर्देश भी दिए गए.

हरदोई, संभल, बदायूं और बरेली में भी राहत अभियान
हरदोई में मंत्री असीम अरुण ने आकाशीय बिजली की चपेट में आई मृतक युवती के परिवार से मुलाकात की और बताया कि चार लाख रुपये की सहायता राशि खाते में भेज दी गई है. संभल में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई. बदायूं में मंत्री गुलाब देवी ने तूफान से प्रभावित परिवारों को चेक सौंपे, जबकि बरेली में मंत्री जेपीएस राठौर ने मृतकों के परिजनों के साथ-साथ मकान और पशुहानि झेलने वाले लोगों को भी सहायता राशि वितरित की.

सीएम योगी के निर्देश पर चला राहत अभियान
प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाए और किसी भी पीड़ित परिवार को मदद के लिए भटकना न पड़े. सरकार ने साफ किया है कि मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ जरूरत के अनुसार आवास योजना, पेंशन, बीमा, राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment