दो दिन कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश कराएगी योगी सरकार, सात जिलों को लेकर शेड्यूल जारी

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश सरकार इस वर्ष कांवड़ यात्रा को और अधिक भव्य और श्रद्धापूर्ण बनाने की तैयारी में जुटी है. शिवभक्त कांवड़ियों के सम्मान में 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी. सरकार की योजना के तहत तय समय पर अलग-अलग जिलों में कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा. पूरे अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर से कुल लगभग 10 घंटे तक पुष्पवर्षा की जाएगी. इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का सम्मान करना और यात्रा को भव्य स्वरूप देना है.

9 अगस्त को हेलीकॉप्टर सुबह लखनऊ से बागपत के लिए रवाना होगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे से 11:15 बजे तक बागपत में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. इसके बाद हेलीकॉप्टर सहारनपुर पहुंचेगा, जहां सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक श्रद्धालुओं का फूलों से स्वागत किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा होगी. दिन का अंतिम कार्यक्रम मेरठ में रखा गया है, जहां शाम 3:45 बजे से 4:30 बजे तक हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे.

पहले दिन चार जिलों में होगी पुष्पवर्षा

सरकारी कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि 6 घंटे 10 मिनट निर्धारित की गई है. 10 अगस्त को हेलीकॉप्टर मेरठ से उड़ान भरकर सबसे पहले गाजियाबाद पहुंचेगा. यहां सुबह 8:30 बजे से 9:15 बजे तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी.

इसके बाद हेलीकॉप्टर हापुड़ जाएगा, जहां सुबह 9:45 बजे से 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं का फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा. इसके बाद अंतिम कार्यक्रम बुलंदशहर में होगा. यहां सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. सभी कार्यक्रम पूरे होने के बाद हेलीकॉप्टर दोपहर 12:30 बजे बुलंदशहर से लखनऊ के लिए रवाना होगा. दूसरे दिन कुल 3 घंटे 45 मिनट की उड़ान तय की गई है.

पढ़ें  स्वाति मालीवाल के दावे गलत… DCW सदस्यों ने लिखा लेटर, राजनीति करने का लगाया आरोप

दूसरे दिन तीन जिलों में होगा स्वागत

दो दिनों में चलने वाले इस अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि 9 घंटे 55 मिनट रहेगी. इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में कांवड़ यात्रा मार्ग पर पहुंचने वाले शिवभक्तों का फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा. उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में तय कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी. इसके लिए समय और उड़ान का पूरा कार्यक्रम पहले ही निर्धारित कर दिया गया है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment