वाराणसी से दिल्ली का सफर अब स्लीपर वंदे भारत के साथ और खास होने जा रहा है. पूर्वांचल के यात्रियों को देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. 16 कोच और 823 सीटों वाली यह ट्रेन शाम 4:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 से अपनी पहली यात्रा शुरू करेगी. इसके बाद आधी रात पार कर सुबह 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
200 से अधिक लोग होंगे उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल
स्लीपर वंदे भारत के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां बनारस रेलवे स्टेशन पर पूरी कर ली गई हैं. स्टेशन पर मंच तैयार है. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों समेत 200 से अधिक लोग शामिल होंगे. इस मौके पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. उद्घाटन के लिए लखनऊ, गोरखपुर और नई दिल्ली से अधिकारी वाराणसी पहुंच चुके हैं. पहले दिन ट्रेन में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन सफर करेंगे. कुछ स्कूली छात्र भी प्रयागराज और कानपुर तक यात्रा करेंगे. हालांकि, आम यात्रियों के लिए ट्रेन का नियमित परिचालन कब से शुरू होगा, इस पर रेलवे ने अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
16 कोच में मिलेंगी 823 बर्थ, सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 कोच होंगे. इनमें थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल है. ट्रेन में कुल 823 सीटें उपलब्ध होंगी. शुक्रवार को छोड़कर यह ट्रेन सप्ताह के बाकी छह दिन बनारस से चलेगी.
तीन नई ट्रेनों को भी दिखाई जाए हरी झंगीडी
स्लीपर वंदे भारत के साथ शनिवार को दो अन्य मेमू ट्रेनों का भी उद्घाटन होगा. इनमें बनारस से प्रयागराज रामबाग और वाराणसी कैंट से राजातालाब के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन शामिल हैं. कैंट से राजातालाब जाने वाली मेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना होगी. इस ट्रेन में 200 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को सफर का मौका मिलेगा. इसके अलावा प्रयागराज रामबाग से औड़िहार तक चलने वाली मेमू सेवा भी शुरू की जाएगी.
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज रामबाग स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे. वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा और महापौर अशोक तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.
