नोएडा के सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास से एक मामला सामने आया है, जहां पत्नी से विवाद के चलते 29 साल के युवक ने बीती रात गंदे नाले में छलांग लगा दी. जैसे ही इस घटना की सूचना सेक्टर-39 थाना को मिली पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू कर दी. पुलिस, फायर सर्विस, SDRF और NDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से इस घटना के लिए ऑपरेशन चलाया. वहीं आज सुबह लगभग 6 बजे के आसपास युवक का शव नाले से बरामद कर लिया गया.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 29 साल के रवि का रूप में हुई है. रवि एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र स्थित जैनपुरा गांव का रहने वाला था. इस समय वो फेस-1 थाना क्षेत्र के हरौला में रह रहा था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टन के लिए भेज दिया है. वहीं मामले की जांच चल रही है. शुरुआती जांच में सामने आया कि शराब पीने को लेकर रवि का पत्नी से विवाद हुआ था. दोनों में कहासुनी हुई और वो नाराज होकर घर से बाहर निकल गया. इसके बाद वो सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा और नाले में छलांग लगा दी. घटना की जानकारी जैसे आसपास के लोगों को मिली हड़कंप मच गया.
कैसे शव को निकाला?
वहां के लोकल लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. डायल-112 से सूचना मिलने के बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया. युवक की तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि नाले की गहराई ज्यादा था और बहाव भी तेज था. फायर सर्विस के जवान सुरक्षा उपकरणों के साथ नाले में उतरे और अलग-अलग जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया. पुलिस वाले भी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की लगातार निगरानी करते रहे.
रातभर चला सर्च अभियान
हालात को देखते हुए SDRF और NDRF की टीमें को भी बुलाया गया. बचाव दल ने नाले के आसपास लगातार तलाशी अभियान जारी रखा. अंधेरा होने के कारण टीमों ने देर रात तक युवक को खोजने का प्रयास किया. इस दौरान परिवार वाले और वहां के लोकल लोग भी मौके पर डटे रहे. कई घंटे की तलाश के बाद भी रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. बचाव दल ने रातभर तलाशी अभियान जारी रखा.
कई घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह करीब 6 बजे बचाव टीम ने नाले से युवक का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को बाहर निकालने के बाद जरूरी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है. थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक DP शुक्ला के अनुसार, डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक ने नाले में छलांग लगा दी है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की. रेस्क्यू अभियान में अन्य बचाव दलों की भी मदद ली गई.
