3 सुपरवाइजर को नौकरी से निकाला, 3 मैनेजर और 5 JE का वेतन कटा; सफाई में लापरवाही पर नोएडा अथॉरिटी का एक्शन

Sanchar Now
2 Min Read

नोएडा। शहर में साफ-सफाई और जलभराव की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नोएडा प्राधिकरण ने तीन सुपरवाइजरों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा तीन प्रबंधकों और पांच अवर अभियंताओं का एक माह का वेतन स्थायी रूप से काटने की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) एसपी सिंह के निर्देश पर की गई।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने वर्क सर्किल अधिकारियों को 15 जुलाई तक शहर के सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद करीब 30 प्रतिशत नालों की सफाई अब भी अधूरी है।

वहीं, शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था को लेकर प्राधिकरण को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई।

शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए प्राधिकरण ने दो नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की है। ओएसडी इंदू प्रकाश को वर्क सर्किल-1 से 5, जबकि महाप्रबंधक जनस्वास्थ्य आरएस यादव को वर्क सर्किल-6 से 10 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक सर्किल में सफाई और नालों की स्थिति का निरीक्षण कर प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट सीधे सीईओ को सौंप रहे हैं।

प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था में तेजी से सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

पढ़ें  वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक और बदमाश गिरफ्त में
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment