गोरखपुर में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन, सीएम योगी ने कहा- “2017 से पहले प्रदेश की नौकरियों पर था सैफई सिंडिकेट का कब्जा”

Sanchar Now
2 Min Read

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा झूठ का नैरेटिव फैलाने वाले दल हैं। भाजपा के बूथ अध्यक्षों को इनकी शरारती साजिशों और भ्रम फैलाने की कोशिशों से सतर्क रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में नौकरी और सरकारी योजनाओं पर ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा था और हर जगह उसी की मनमानी चलती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सत्य, विकास और लोककल्याण की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष अराजकता और जातीय विभाजन को बढ़ावा देता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से कहा कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा बूथ सबसे मजबूत” मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव भी जीतेगा।” बूथ अध्यक्षों को सीमा पर तैनात सैनिकों के समान बताते हुए उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का विश्वास जताया।

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण योजनाओं को बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। देश में 80 करोड़ और प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता से दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

गोरखपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने छह लेन फ्लाईओवर को बड़ी उपलब्धि बताया और गुरुवार को होने वाले इसके लोकार्पण समारोह में सभी को आमंत्रित किया। सम्मेलन में सांसद रविकिशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

पढ़ें  बस्ती में सनकी युवक की करतूत...कुत्ते ने काटा तो उसे और उसके 12 बच्चों को पीट-पीटकर मार डाला
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment