संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 90वीं बोर्ड बैठक अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। विशेष रूप से फिल्म सिटी, हेरिटेज सिटी और डेटा सेंटर हब परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को मंजूरी दी गई।
दरअसल, बैठक में फिल्म सिटी परियोजना के संबंध में डेवलपर द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई। बोर्ड ने परियोजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके अलावा जनपद मथुरा में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी परियोजना और उससे जुड़े फ्लड मिटिगेशन प्लान पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को गति देने पर जोर दिया।
महायोजना-2041 के अंतर्गत लगभग 8000 हेक्टेयर क्षेत्र में नए इंडस्ट्रियल नोड के विकास की तैयारी को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह क्षेत्र एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच स्थित होगा, जिससे निवेशकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। बैठक में डेटा सेंटर हब परियोजना की रिपोर्ट को भी मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र को देश के प्रमुख डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इसके अलावा होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से ट्रैफिक पार्क एवं ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया। बोर्ड के इन फैसलों को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश एवं विकास का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
