यमुना क्षेत्र में Simplast Group का ₹70 करोड़ निवेश, 50% एफडीआई से औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में विदेशी निवेश के साथ औद्योगिक विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। इटली आधारित वैश्विक कंपनी Simplast Group ने ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए उन्नत प्लास्टिक एवं रोटेशनल मोल्डिंग उत्पादों के निर्माण हेतु YEIDA क्षेत्र में नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना में कुल ₹70 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिसमें 50 प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) शामिल है।

यह निवेश भारत–इटली औद्योगिक सहयोग को नई मजबूती देगा और यमुना क्षेत्र को वैश्विक विनिर्माण हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक यूरोपीय तकनीक, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और उन्नत उत्पादन प्रक्रियाओं को अपनाया जाएगा।

परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से कुशल, अर्द्ध-कुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार भी बढ़ेगा। स्थानीय कार्यबल को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।

यह निवेश सहायक उद्योगों, एमएसएमई इकाइयों और सप्लाई चेन नेटवर्क को भी बढ़ावा देगा, जिससे यमुना क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। नई इकाई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए उत्पादन करेगी, जिससे उत्तर प्रदेश से निर्यात में वृद्धि होगी और विदेशी मुद्रा अर्जन को बल मिलेगा। यह परियोजना भारत सरकार की “मेक इन इंडिया” पहल और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास विजन के अनुरूप है।

इस संबंध में 19 फरवरी 2026 को YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश सिंह ने Simplast Group को 3 एकड़ भूमि आवंटन के लिए एलओआई पत्र सौंपा। इस अवसर पर YEIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया भी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों के अनुसार, Simplast Group का यह निवेश यमुना क्षेत्र को वैश्विक ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग सप्लाई चेन से जोड़ने और उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment