YEIDA क्षेत्र में प्रॉपर्टी खरीदना हुआ महंगी, अलॉटमेंट रेट में 3.58% की वृद्धि; 1 अप्रैल से होगा लागू

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की लोकार्पण तिथि घोषित होने के एक दिन बाद ही यमुना सिटी में प्रॉपर्टी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के बोर्ड ने आवंटन दरों में 3.58 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।

शुक्रवार को चेयरमैन आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 11811 करोड़ रुपये का बजट भी पास किया गया, जो जनपद की अन्य अथॉरिटीज के मुकाबले अधिक है।

आवंटन दरों में बढ़ोतरी

बोर्ड ने आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत और औद्योगिक श्रेणियों की जमीन की दरों में वृद्धि की है। नई दरों के अनुसार आवासीय प्लॉट की कीमत 35000 रुपये प्रति वर्गमीटर से बढ़कर 36260 रुपये हो गई है, जबकि कमर्शियल दरें 84000 रुपये से बढ़कर 87010 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई हैं।

ग्रुप हाउसिंग, संस्थागत और कॉरपोरेट ऑफिस की दरों में भी समान रूप से वृद्धि की गई है।

11,811 करोड़ का बजट, जमीन खरीद पर फोकस

यमुना अथॉरिटी ने इस बार 11811 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। इसमें सबसे अधिक खर्च जमीन खरीद पर किया जाएगा। विकास कार्यों के लिए लगभग 2011 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

एयरपोर्ट और कनेक्टिविटी पर बड़ा निवेश

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना में भागीदारी के लिए 502 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है। इसके अलावा मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो सके।

नई योजनाएं और प्रोजेक्ट्स

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा की यूनिवर्सिटी में BDS छात्रा ने की खुदकुशी, बवाल के बाद प्रशासन ने दो टीचर्स को किया सस्पेंड

बोर्ड बैठक में राया अर्बन सेंटर के तहत विकसित की जाने वाली हेरिटेज सिटी परियोजना के बिड डॉक्युमेंट्स में संशोधन के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, जेवर क्षेत्र में ट्रैफिक पार्क और ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई है। यह परियोजना होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से सीएसआर फंड के जरिए विकसित की जाएगी, जबकि भूमि यमुना अथॉरिटी द्वारा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।

समितियों का गठन

ट्रांसपोर्ट और मल्टीपल लैंड यूज की दरें तय करने के लिए दो अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के वित्त अधिकारी भी शामिल होंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment