ग्रेटर नोएडा। भीषण गर्मी के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डेल्टा स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों और राहगीरों के लिए निशुल्क ठंडे पेयजल की व्यवस्था की है। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने यहां स्थापित वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। इसके माध्यम से अब रोजाना काम की तलाश में आने वाले सैकड़ों श्रमिकों को आरओ का शुद्ध और ठंडा पानी मुफ्त में उपलब्ध होगा।
दरअसल, डेल्टा लेबर चौक पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। तेज गर्मी के दौरान उन्हें पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यहां वाटर एटीएम स्थापित कराया गया।
उद्घाटन के अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि लेबर चौक पर वाटर एटीएम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा यह सुविधा उपलब्ध कराना श्रमिकों और आम लोगों के हित में सराहनीय कदम है। इससे गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिलेगी।
इस अवसर पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग, वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, जूनियर इंजीनियर कुलदीप शर्मा तथा सेक्टर डेल्टा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि यह ग्रेटर नोएडा में स्थापित दूसरा वाटर एटीएम है। इससे पहले नटों की मड़ैया क्षेत्र में लगाए गए वाटर एटीएम का उद्घाटन 7 मई को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया था।
