संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित दि विजडम ट्री स्कूल के अभिभावक शनिवार, 16 मई को सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक स्कूल गेट के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। अभिभावकों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूल प्रबंधन ने फीस में लगभग 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे सैकड़ों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
दरअसल, अभिभावकों के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को स्कूल प्रबंधन के साथ हुई बैठक में लगभग 1700 विद्यार्थियों की शिक्षा की निरंतरता और सुरक्षा को लेकर एक लिखित शपथपत्र (एफिडेविट) देने का आश्वासन दिया गया था। उनका आरोप है कि अब तक यह शपथपत्र साझा नहीं किया गया है।
अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्कूल प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन उनकी मांगों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि वे शिक्षा के विरोध में नहीं, बल्कि पारदर्शिता और उचित फीस संरचना की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल होने वाले अभिभावकों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। उनका उद्देश्य स्कूल प्रबंधन का ध्यान अभिभावकों की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। अभिभावकों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाई जाएगी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस मुद्दे को लेकर अभिभावकों में भारी नाराजगी है और बड़ी संख्या में लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है।
