ग्रेटर नोएडा को डस्ट फ्री बनाने का अभियान शुरू, 37 प्रमुख सड़कों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार और सड़कों को धूल मुक्त बनाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष संयुक्त सफाई अभियान शुरू कर दिया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान 24 जून से 11 जुलाई तक चलेगा। अभियान के तहत पहले चरण में ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट की 37 प्रमुख सड़कों की व्यापक सफाई की जाएगी।

दरअसल, प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ परियोजना और उद्यान विभाग की टीमों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। अभियान के लिए वरिष्ठ प्रबंधकों और प्रबंधकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।

अभियान के तहत मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, मैनुअल सफाई, फुटपाथ एवं सेंट्रल वर्ज की सफाई, धूल और मलबा हटाने, पानी का छिड़काव तथा दोबारा सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उनकी मरम्मत भी कराई जाएगी ताकि स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

पहले चरण में 130 मीटर रोड, सूरजपुर एंट्री पॉइंट से कासना टी-पॉइंट, चार मूर्ति, नॉलेज पार्क-5, सेक्टर-16, सेक्टर-36, जीटा-1, पाई-2, ईकोटेक-12 समेत कई प्रमुख मार्गों को अभियान में शामिल किया गया है। बृहस्पतिवार को एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसाइटी तथा एलिट एक्स ग्रुप से सिक्का ग्रीन तक के मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा के उद्यमियों के साथ हर माह के दूसरे सोमवार को होगी बैठक

प्राधिकरण का लक्ष्य केवल अस्थायी सफाई नहीं, बल्कि एंड-टू-एंड पेवमेंट और ग्रासिंग जैसी स्थायी व्यवस्थाओं के माध्यम से शहर को लंबे समय तक धूल मुक्त बनाए रखना है। इससे न केवल वायु गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी मिलेगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment