नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान को रास्ते में चोरी कर उसकी जगह नकली सामान बदलने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से लगभग 75 लाख रुपये की कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, पुलिस और एसओजी टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान नोएडा सेक्टर-69 स्थित ए-313 से वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र रघुराज सिंह को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह डिलीवरी बॉय के साथ मिलकर बड़ी कंपनियों का कीमती सामान रास्ते में ही बदल देता था. ओरिजिनल सामान को अपने अवैध गोदाम में छिपाकर सस्ते या नकली सामान की डिलीवरी करा दी जाती थी, जिससे कंपनियों और ग्राहकों दोनों को भारी नुकसान पहुंच रहा था.
नोएडा के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना वासिद खान ने बताया कि वे पहले यह पता करते थे कि क्षेत्र में किन महंगे प्रोडक्ट्स की मांग सबसे अधिक है. फिर उनके नकली या सस्ते प्रोडक्ट्स का इंतजाम किया जाता था. फिर कंपनियों के डिलीवरी बॉय जब सामान लेकर हब की ओर जाते थे, तो रास्ते में ही असली सामान निकालकर उसकी जगह फर्जी या सस्ता सामान रख दिया जाता था. इससे सेलर को भी रिफंड, रिटर्न का पता नहीं चलता था.
कई बार डिलीवरी बॉय से मिल कर जानबूझकर डिलीवरी 2-3 दिन के लिए टाल दी जाती थी, ताकि उस दौरान फर्जी प्रोडक्ट तैयार कर ग्राहक या हब तक पहुँचाया जा सके. चोरी किए गए असली सामान को गिरोह अपने अवैध गोदामों में जमा करता था और बाद में ग्राहकों को सस्ते दामों पर बेचकर अवैध कमाई करता था. डीसीपी ने बताया कि इस गिरोह के 2 अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है. यह नेटवर्क पिछले 3-4 महीनों से सक्रिय था. पुलिस अब इनके बैकवर्ड लिंकेज और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगा रही है.
