सीजीएसटी गौतम बुद्ध नगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रनिर्माण का संदेश, पारदर्शी कर व्यवस्था को बताया विकसित भारत की मजबूत नींव

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। सीजीएसटी गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट, वेगमन्स बिजनेस पार्क, नॉलेज पार्क-III में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। समारोह का नेतृत्व डॉ. यशोवर्धन पाठक (आईआरएस), आयुक्त, सीजीएसटी गौतम बुद्ध नगर ने किया। इस अवसर पर अर्जुन लाल जाट (आईआरएस), अपर आयुक्त एवं दर्पण आम्रवंशी (आईआरएस), अपर आयुक्त सहित कमिश्नरेट के अधिकारी, कर्मचारी और विभागीय कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दरअसल, कार्यक्रम का शुभारंभ आयुक्त द्वारा परेड निरीक्षण से हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय गीत के बीच तिरंगा फहराया गया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

अपने संबोधन में डॉ. यशोवर्धन पाठक ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, ईमानदार कार्य संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (GST) जैसी पारदर्शी और मजबूत कर व्यवस्था देश की आर्थिक प्रगति को नई गति देने के साथ विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।

आयुक्त ने विशेष रूप से Gen-Z की ऊर्जा, नवाचार क्षमता और रचनात्मक सोच का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की प्रतिभा और तकनीकी दक्षता भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

समारोह के दौरान कमिश्नरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताओं का पाठ किया। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित लोगों में राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया।

पढ़ें  वाहन चोर गिरोह के सरगना सहित 5 लुटेरों को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विभागीय कर्मियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। राष्ट्रभक्ति, आपसी सौहार्द और विकसित भारत के संकल्प के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणादायी और यादगार बन गया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment