यूपी में आईपीएस अफसर की मां की हत्या, बदमाशों ने लूटे जेवर, घर के अंदर पड़ा मिला शव

Sanchar Now
3 Min Read

अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. लखनऊ में ड्यूटी कर रहे IPS आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय वृद्ध मां की किसी ने हत्या कर दी है. मामला सामने आते ही अंबेडकर नगर प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. इस बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस घटना के बहाने यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए है. अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है. उप्र मे पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण!

अंबेडकर नगर स्थित गांव में अकेली रहती थी IPS की मां

मिली जानकारी के अनुसार IPS आशुतोष मिश्रा की मां अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में अकेली रहा करती थी. आरोप है कि बीती रात घर में घुसे चोरों ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनका गला दबा दिया. दोपहर बाद देखभाल करने वाली दाई के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलते ही अयोध्या रेंज के IG घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

IPS अधिकारी की मां के शरीर के जेवर भी गायब

IPS आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती 95 साल की थी. रविवार सुबह करीब 9 बजे शव घर के अंदर तख्त पर पड़ा मिला. मुंह से हल्का खून निकला था. उनके शरीर से सोने के जेवर गायब थे. घर में कोई और सामान छुआ तक नहीं गया था. IPS की मां घर में अकेली रहती थीं. सुबह नौकरानी ने उन्हें मृत देखा तो आस-पास के लोगों को सूचना दी.

पढ़ें  अलंकार अग्निहोत्री को शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा ऑफर, कहा– सरकार ने जो पद दिया था, उससे बड़ा पद हम देंगे

IPS आशुतोष मिश्रा अभी लखनऊ पुलिस हेडक्वार्टर में एसपी मुख्यालय

IPS आशुतोष मिश्रा इस समय लखनऊ में पुलिस हेडक्वार्टर में एसपी मुख्यालय हैं. सूचना पाकर दोपहर करीब 3 बजे वे लखनऊ से गांव पहुंचे. उन्होंने अज्ञात पर लूट के बाद मां की हत्या का केस दर्ज कराया है.

सपा का आरोप- भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं

समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने एक्स पोस्ट में लिखा- IPS आशुतोष मिश्रा जी की माता जी के निधन (हत्या) पर पुण्यात्मा के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति विनम्र संवेदनाएं. इस दुख की घड़ी में हम सब IPS फैमिली के साथ हैं एवं जल्द से जल्द मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग है तथा दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग है. इस अपराध की जनक भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है, प्रमाण सामने है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment