नोएडा। पर्थला चौकी के पास सीएनजी पंप पर कार में हूटर बजा रहे युवकों की हरकत कैमरे में कैद करना एक महिला मीडियाकर्मी को भारी पड़ गया। वीडियो बनाते देख कार सवार तीन युवक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ हाथापाई की और मोबाइल छीनकर रिकॉर्डिंग मिटाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-122 निवासी महिला मीडियाकर्मी शुक्रवार रात घर के पास स्थित सीएनजी पंप पर अपनी कार में गैस भरवा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने वहां एक कार में सवार युवकों को हूटर बजाते देखा।
इस पर उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह बात युवकों को नागवार गुजरी। तीनों ने महिला से वीडियो हटाने को कहा। उनके इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक विरोध करने पर आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया और वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया।इस दौरान कार से चाबी भी जबरन निकाल ली और उन्हें धमकाया। महिला ने पुलिस को फोन किया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दी। महिला का दावा है घटना के समय सभी आरोपी शराब के नशे में थे। सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
