UPITS 2026 की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी ने की समीक्षा, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में जुटेगा वैश्विक व्यापार जगत

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश, विनिर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

दरअसल, इस बार जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित 6 साझेदार देश भाग लेंगे। FIEO और विदेशी भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विदेशी प्रतिनिधियों के लिए बेहतर आवास, लायजन अधिकारियों की नियुक्ति और आगंतुकों की सहायता के लिए विश्वविद्यालयों के छात्रों की तैनाती के निर्देश दिए।

व्यापार से लेकर तकनीक तक होंगे अहम सत्र

UPITS 2026 में 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें वैश्विक सप्लाई चेन में उत्तर प्रदेश की भूमिका, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स, MSME व ODOP निर्यातकों के लिए ई-कॉमर्स, मेडटेक, नए श्रम कानून, मुक्त व्यापार समझौतों, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सड़क सुरक्षा, आयुष वेलनेस और FPO सुदृढ़ीकरण जैसे विषय शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने नॉलेज सेशन को संक्षिप्त, प्रभावशाली और उपयोगी बनाने के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा के अलावा अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र की व्यापक भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का लगेगा दिव्य दरबार, सीएम योगी होंगे शामिल

25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बड़े स्तर पर प्रदर्शनी

मेले में कथक, पखावज, सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई व थारू जनजातीय नृत्य सहित 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्टार म्यूजिकल नाइट्स भी होंगी। आयोजन में ODOP, हस्तशिल्प, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल-ईवी, फार्मा, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन समेत कई क्षेत्रों की क्षमता प्रदर्शित की जाएगी। 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र पहले ही बुक हो चुका है और हॉलों का लेआउट अंतिम रूप दिया जा चुका है।

ट्रैफिक, सुरक्षा और डिजिटल प्रचार पर विशेष फोकस

आयोजन को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और सार्वजनिक परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई है। पार्किंग और प्रदर्शनी स्थल के बीच 500 से अधिक ईवी शटल बसों की व्यवस्था प्रस्तावित है। पुलिस की ओर से प्रवेश-निकास, फ्रिस्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आयोजन के प्रचार अभियान को मेट्रो, बस, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से चलाया जा रहा है, जिसे मेटा प्लेटफॉर्म पर 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिल चुके हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment