संचार नाउ। इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने हॉल नंबर-7 में लगाए गए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा में चल रही प्रमुख विकास एवं औद्योगिक परियोजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री नंदी के स्टॉल पर पहुंचने के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, श्रीलक्ष्मी वीएस और प्रेरणा सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टॉल पर प्रदर्शित परियोजनाओं के बारे में जानकारी साझा की और ग्रेटर नोएडा में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचे की तस्वीर प्रस्तुत की।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां शहर के वर्तमान इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया जा सके। स्टॉल पर मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब समेत ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
इसके अलावा शहर में विकसित किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है। ट्रेड शो में आने वाले उद्यमियों, निवेशकों और देश-विदेश के प्रतिनिधियों के लिए यह स्टॉल ग्रेटर नोएडा में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं को आगामी विकास परियोजनाओं को समझने का माध्यम बन रहा है।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के विभिन्न शहरों की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं और विकास परियोजनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्टॉल शहर के औद्योगिक विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की कनेक्टिविटी को प्रदर्शित कर रहा है।
