नोएडा में कैब ड्राइवर ने युवकों को बोनट पर लटकाकर तेज रफ्तार में दौड़ाई कार, वीडियो वायरल

Sanchar Now
3 Min Read

नोएडा: सोशल मीडिया पर अक्सर वीडियो वायरल होते रहते हैं. कभी ये हंसाने वाले होते हैं तो कभी ये दिल दहला देते हैं. अब उत्तर प्रदेश के नोएडा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के सेक्टर-18 इलाके का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में देख सकते हैं कि एक कैब चालक तेज रफ्तार में कार दौड़ाता नजर आ रहा है, जबकि गाड़ी के बोनट पर दो युवक लटके हुए हैं. इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला थाना सेक्टर-20 क्षेत्र का बताया जा रहा है.

विवाद के बाद बोनट पर चढ़े युवक

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-18 इलाके में किसी बात को लेकर कैब चालक और दो युवकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों युवक कार के बोनट पर चढ़ गए. आरोप है कि कैब चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार में कार आगे बढ़ा दी. इस दौरान दोनों युवक बोनट पर लटके रहे. किसी राहगीर ने इस खतरनाक घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर सामने आया है.

वायरल वीडियो पर लोगों ने जताई नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है. यूजर्स ने इस घटना को गंभीर रोड रेज और जानलेवा लापरवाही बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस तरह तेज रफ्तार में कार चलाने से बोनट पर लटके युवकों की जान जा सकती थी. साथ ही सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता था.

पढ़ें  नोएडा के फॉर्म हाउस में चल रहा था 'मुजरा' और पहुंच गई पुलिस

कैब चालक की पहचान में जुटी पुलिस

मामले में थाना सेक्टर-20 पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की पुष्टि और संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस के अनुसार, जांच के बाद वीडियो में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की खतरनाक हरकत से गंभीर हादसा हो सकता है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment