‘पहले दर्शन फिर आशीर्वाद’, अखिलेश ने बताया अयोध्या दौरे का PDA फॉर्मूला; बोले- मेरे घर में शिव और रामगोपाल

Sanchar Now
4 Min Read

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपने चुनावी नारे PDA की एक नई परिभाषा बताई है। लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे अयोध्या राम मंदिर दौरे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कुछ अलग ही जवाब दिया।

अखिलेश यादव ने कहा, “भगवान सबके हैं। अलग-अलग धर्म में अलग-अलग तरीके से व्यवस्थाएं हैं, एक रास्ता है भगवान तक पहुंचने का और भगवान को याद करने के लिए। क्यों नहीं जाएंगे हम लोग? केदारेश्वर भी जाएंगे, मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे। पहले भी जाते रहे हैं। और केदारेश्वर जाने के बाद फिर आगे भी दर्शन करेंगे जाके।”

इसके बाद सपा प्रमुख ने कहा, “PDA… पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद।” उनकी ये बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

BJP पर तंज, बोले- पोस्टर लगाने के पैसे खत्म हो गए क्या?

चुनाव से पहले सड़कों पर लगे पोस्टरों पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके खिलाफ लखनऊ में कितने पोस्टर लगाए गए थे। हर दिन पोस्टर लगाए जाते थे, लेकिन अब यह सिलसिला बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें काफी निराशा हो रही है।

अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “कम से कम कुछ पोस्टर तो लगवाइए। क्या पैसे खत्म हो गए हैं? मोटरसाइकिल रैलियों में जो पैसा खर्च किया था, क्या वह खत्म हो गया? अगर ऐसा है तो बजट का इंतजाम कर लीजिए।”

‘तकनीक की ज्यादा समझ नहीं तो सपा के सवाल ही कॉपी-पेस्ट कर लें’

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ वोट हटाए जाने के दावे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी को लगता है कि इतने वोट काटे गए हैं, तो उसे उन सुझावों पर अमल करना चाहिए, जो समाजवादी पार्टी बार-बार दे चुकी है।

पढ़ें  CM योगी ने काला चश्मा पहन गोरखनाथ मंदिर में खेली होली, बोले- सनातन की गूंज सर्वत्र सुनाई दे रही

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “मुझे पता है कि उन्हें तकनीक की ज्यादा समझ नहीं होगी। जैसे कहीं से OTP आता है या किसी दूसरी जगह से मैसेज मिलता है, वैसे ही वे सिर्फ कॉपी-पेस्ट कर रहे हैं। कम से कम मुख्यमंत्री को समाजवादी पार्टी की ओर से समय-समय पर उठाए गए सवालों को ही कॉपी-पेस्ट कर लेना चाहिए।”

बूथ पर PDA प्रहरी लड़ेंगे असली लड़ाई: अखिलेश यादव

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग पैसा खर्च करके चुनाव जीतते हैं, उन्हें इस बार नुकसान हुआ होगा। उन्होंने कहा, “हमारा अनुभव बताता है कि हम जितना कम पैसा खर्च करते हैं, उतनी ज्यादा सीटें जीतते हैं।”

अखिलेश ने कहा कि जिस पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा होता है, उसे जीतने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी चुनाव जरूर लड़ेगी, लेकिन असली लड़ाई मतदान केंद्रों पर PDA प्रहरियों को लड़नी है। उन्होंने कहा, “अगर वे जीतेंगे, तो हम जीतेंगे।”

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment