लखनऊः उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के इंटरव्यू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनसे सीएम बनने को लेकर सवाल किया जाता है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इशारों-इशारों में यह साफ बता दिया कि उनकी नजर सीएम की कुर्सी पर है. हालांकि सूबे के एक राजनीतिक धड़ में यह कयास लगाया जाता है कि सीएम योगी और डिप्टी सीएम के बीच सबकुछ ठीक नहीं है.
‘आप मुझे अगली बार सीएम बनते हुए देखें’
वायरल हो रहे वीडियो में जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया कि केशव जी कबतक डिप्टी सीएम बने रहेंगे. कभी सीएम भी तो बनने का मन होगा. इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देखिए हो सकता है कि आप मुझे अगली बार सीएम पद पर देखें. हो सकता है अगली बार और किसी रूप में देखें. ये तो पार्टी का नेतृत्व तय करेगा. केशव प्रसाद मौर्य नहीं तय करेंगे. हमारी पार्टी में तमाम सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता को मौका दिया जाता है.
‘मेरी भी महत्वकांक्षा है कि मैं सीएम बनूं’
इसके आगे केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मेरी भी महत्वकांक्षा है कि मैं सीएम बनूं. लेकिन ये मेरे चाहने से नहीं होगा. मेरी पार्टी में, पार्टी का नेतृत्व तय करता है. पार्टी का विधायक दल ये तय करता है कि किसके नेतृत्व में. लक्ष्य पहले हमारा बहुमत लाना है, प्रचंड बहुमत लाना है. 2017 की तरह. ये हम लोग लक्ष्य लेकर चुनाव लड़ रहे हैं. और बहुमत लाने के बाद फिर कौन मुख्यमंत्री बनेगा, ये विधायक दल तय करेगा. केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं. वो फीडबैक लेते हैं, फिर ऐलान करते हैं. चाहत न होना. ऐसा तो मेरे मन में नहीं है कि मैं सीएम न बनूं.
