संचार नाउ। जनगणना 2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी प्राप्त नहीं करने और आवंटित क्षेत्र में काम शुरू नहीं करने वाले इन्यूमेरेटर को तत्काल जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों की अनदेखी करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। नगर जनगणना अधिकारी एवं एसीईओ सुमित यादव ने 01 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच घर आये प्रगणक का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ड्यूटी नहीं संभालने वालों को सख्त चेतावनी
प्राधिकरण की ओर से ऐसे इन्यूमेरेटर को चेतावनी दी गई है, जिन्होंने अभी तक अपना ड्यूटी पत्र प्राप्त नहीं किया है या आवंटित क्षेत्र में जनगणना का काम शुरू नहीं किया है। उन्हें तत्काल ड्यूटी पत्र लेकर अपने निर्धारित क्षेत्र में कार्य शुरू करने को कहा गया है। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना प्रक्रिया
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान निवासी जनगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्राधिकरण ने शहरवासियों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके।
100 प्रतिशत स्वगणना कराने वाली सोसाइटियों को मिलेगा सम्मान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्वगणना अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल भी की है। जिस सेक्टर या आवासीय सोसाइटी के सभी निवासी स्वगणना प्रक्रिया में शामिल होकर 100 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेंगे, वहां के आरडब्ल्यूए, ब्लॉक या सेक्टर प्रतिनिधियों को प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
नगर जनगणना अधिकारी व एसीईओ सुमित यादव ने सभी सेक्टरों और आवासीय सोसाइटियों के प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। प्राधिकरण का प्रयास है कि कर्मचारियों की सक्रियता और नागरिकों की भागीदारी से जनगणना का कार्य बिना किसी बाधा के पूरा कराया जा सके।
