दोनों ने मिलकर जितनी चाय नहीं पी होगी; उससे ज्यादा बार नोएडा आया; मोदी-योगी पर अखिलेश का पलटवार

Sanchar Now
8 Min Read

ग्रेटर नोएडा: समाजवादी पार्टी आज ग्रेटर नोएडा के दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ आयोजित कर रही है, जिसे वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। रैली को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर प्रहार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का जवाब दिया। मोदी ने कहा था कि अंधविश्वास के कारण पुरानी सरकारों के मुख्यमंत्री नोएडा आने से डरते थे।

अखिलेश ने पीएम मोदी और सीएम योगी का नाम लिए बिना कहा कि कल कुछ लोग नोएडा आए थे, जो बोलते हुए चले गए कि ‘हम नोएडा नहीं आते’। मैं इस मंच से दोनों को बता दूं कि जितनी चाय उन्होंने मिलकर नहीं पी होगी, उससे कहीं ज्यादा बार मैं यहां अपने कार्यकर्ताओं के घर पहुंचा हूं। अखिलेश यादव ने रैली में आश्वासन दिया कि भविष्य में 1090 सेवा को और सशक्त बनाकर अपनी बहनों को मजबूत सुरक्षा प्रदान करेंगे। समाजवादी पेंशन योजना पुनः आरंभ करेंगे। साथ ही गरीब माताओं और बहनों के लिए प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये देकर उनका सम्मान बढ़ाने का कार्य करेंगे।

किसानों के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा के दादरी में आयोजित रैली में भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 9 वर्षों का कोई हिसाब नहीं है, इसलिए उन्होंने आधे-अधूरे सिरे पर ही उद्घाटन कर दिया। अखिलेश ने दावा किया कि इस प्रोजेक्ट के लिए एनओसी प्राप्त करने का कार्य समाजवादी पार्टी ने ही किया था। साथ ही उन्होंने किसानों के प्रति भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि फिलहाल तो सिर्फ एक चरण का उद्घाटन हुआ है। आगे कई और चरणों का उद्घाटन बाकी है और हमारा वचन है कि किसानों के साथ जमीन अधिग्रहण में कोई भेदभाव नहीं होगा।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में आए 5 आईएएस अफसरों ने किया आईआईटीजीएनएल, एमएमएलएच-एमएमटीएच का अध्ययन 

‘उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली से भी भाजपा की विदाई निश्चित है’

अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में जो भी चरण विकसित होंगे, यदि किसान भाइयों की जमीन ली जाएगी तो उसे बाजार मूल्य पर ही खरीदा जाएगा। हम 64 प्रतिशत मुआवजा देंगे और 4 प्रतिशत प्लॉट की सुविधा भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि कल की रैली की सच्चाई हमारे कई साथियों ने उजागर कर दी है। कोई कैमरे की नजर से बच नहीं सकता। जो पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी बताती है, उसे सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा। विश्वविद्यालय से न केवल छात्रों को बुलाया गया, बल्कि उन्हें रैली के बाद छुट्टी देने का लालच भी दिया गया। अखिलेश ने जोर देकर कहा कि भाजपा की उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली से भी विदाई निश्चित है।

‘हमें परिवर्तन लाना है’

अखिलेश यादव ने कहा कि हम तो 10 साल से सत्ता से बाहर हैं, कम से कम अपने ‘छोटे एटीएम’ का तो हिसाब रख लो। इस एटीएम ने पूरी दुनिया को परेशान कर रखा है। उन्होंने याद दिलाया कि हमने वह लड़ाई लड़ी थी, जब दूसरे लोग हमारे इतिहास और सम्राटों को भी छीनने की कोशिश कर रहे थे। वर्ष 2027 में सरकार बनवाइए, हम राजधानी लखनऊ में PDA के महापुरुषों के योगदान को जीवंत करने के लिए रिवर फ्रंट पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित करेंगे। अखिलेश ने कहा कि PDA के लोग जानते और महसूस करते हैं कि उनके साथ भेदभाव और तिरस्कार होता है व उनका सम्मान समय-समय पर छीना जाता है। हमें परिवर्तन लाना है, चाहे इसके लिए साल लगे या सदी, हम पीछे नहीं हटेंगे।

पढ़ें  यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा, बस-ट्रैक्टर की टक्कर में 14 लोग घायल

‘सरकारी नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं रहा’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो व्यक्ति अन्याय, अपमान, उत्पीड़न और भेदभाव की पीड़ा नहीं झेला, वह हमारा दर्द कभी समझ नहीं सकता। वे हमारी उस व्यथा को महसूस नहीं कर सकते, जो हमें तब हुई, जब हमारे घर को गंगाजल से धोया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियां भाजपा के एजेंडे में कभी प्राथमिकता में नहीं रहीं, क्योंकि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण उनके कार्यक्रम का हिस्सा कभी नहीं रहा। इसी कारण वे सरकारी नौकरियां नहीं देते, बल्कि पेपर लीक करवाते हैं।

‘भाजपा सिर्फ चुनिंदा लोगों के लिए काम कर रही है’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दादरी में हुई एक बड़ी जनसभा में महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि सपा 95 प्रतिशत पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाया कि वह देश-प्रदेश में सिर्फ चुनिंदा लोगों के फायदे के लिए काम कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों और नौजवानों की आवाज बनी हुई है।

मोदी के बयान पर अखिलेश ने किया पलटवार

अखिलेश ने कहा कि हमारी सरकार ने दिल्ली को नोएडा से जोड़ने के लिए मेट्रो सुविधा प्रदान की थी। हमारी सरकार ने नोएडा के विकास के लिए एक के बजाय अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इन लोगों के पास गिनाने को कुछ नहीं बचा, इसलिए ऐसी बेतुकी बातें फैला रहे हैं। बता दें कि पिछले शनिवार को जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा पर तीखा प्रहार किया था। उन्होंने कहा था कि पहले सपा ने नोएडा को लूट का एटीएम बना लिया था, लेकिन अब भाजपा सरकार में यही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का मजबूत इंजन बन चुका है।

पीडीए की शक्ति से ही प्रदेश की राजनीति का रुख बदला जा सकता है। आह्वान किया कि वे गांवों-मोहल्लों में जाकर लोगों को संगठित करें और समाजवादी सिद्धांतों को मजबूत बनाएं।

अखिलेश यादव, सपा सुप्रीमो

ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में हुई इस रैली में भारी तादाद में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। अखिलेश यादव ने सभा में बोलते हुए कहा कि पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक एक साथ होकर देश-प्रदेश की करीब 95 प्रतिशत जनसंख्या बनाते हैं, लेकिन सत्ता में उनका प्रतिनिधित्व नाकाफी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाजवादी पार्टी इसी भेदभाव को समाप्त करने के लिए लड़ाई लड़ रही है।

पढ़ें  सुपरटेक अपकंट्री सोसायटी में अवैध पीजी की जांच पर बवाल, ग्रेटर नोएडा में YEIDA की टीम के साथ बदसलूकी

ATM पर अखिलेश यादव का हमला

एटीएम वाले तंज पर सपा अध्यक्ष ने जवाब देते हुए कहा कि रैली में आने से पहले हम लोगों को एटीएम की बातें सुनने को मिली हैं। हम लोग तो 10 साल से सरकार में नहीं हैं। कम से कम अपने छोटे वाले ATM का हिसाब तो देना चाहिए था। ATM ने सिर्फ देश ही नहीं, दुनिया को परेशान किया होगा। ATM पर बहुत मेहरबान रहते हैं कुछ लोग, इसलिए उन्हें ATM याद आ रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment