बारिश के बीच सीएम योगी ने किसानों को लेकर जारी कर दिए निर्देश, सभी डीएम से मांग ली रिपोर्ट

Sanchar Now
2 Min Read

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हुई वर्षा से किसानों को होने वाली परेशानी के बारे में जिलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह किसानों के पास जाएं और उनकी परेशानी जाने। साथ ही 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फसल नुकसान का तत्काल संयुक्त सर्वेक्षण कराकर शासन को अवगत कराएं, जिससे किसानों को तत्काल मुआवजा दिलाया जा सके। सरकार हर प्रतिकूल परिस्थिति में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के हित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि अन्नदाता को कोई परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह लगातार फील्ड में रहें। वस्तुस्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराएं।

उन्होंने प्रमुख सचिव (कृषि) व राहत आयुक्त से कहा कि फील्ड में कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क करें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे राहत कार्य समय से शुरू किए जा सकें।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि किसान अपनी नुकसान हुई फसल की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं। जिन किसानों ने फसल का बीमा कराया है और उनकी फसल की क्षति हुई है या फसल कटकर खलिहान में रखी हो और वर्षा से खराब हो गई हो तो यह फसल 14 दिन तक बीमा से कवर्ड है। ऐसे किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री 14447 नंबर पर समस्या दर्ज करा सकते हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment