CM बनते ही थलपति विजय ने पूरे तमिलनाडु के 717 शराब के ठेकों पर लगवाया ताला, कमल हासन, विशाल ने की सराहना

Sanchar Now
4 Min Read

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सत्ता संभालते ही बड़ा और सख्त फैसला लेकर राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. मुख्यमंत्री विजय ने राज्यभर में 700 से ज्यादा शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है. खास बात यह है कि ये दुकानें मंदिरों, स्कूलों और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील इलाकों के आसपास स्थित हैं. सरकार ने अधिकारियों को दो हफ्तों के भीतर इस फैसले को लागू करने के निर्देश दिए हैं. तमिलनाडु में शराब बिक्री सरकार की सबसे बड़ी कमाई का जरिया मानी जाती है, ऐसे में विजय के इस कदम को साहसी फैसला बताया जा रहा है. उनके इस निर्णय को फिल्म इंडस्ट्री से भी जबरदस्त समर्थन मिल रहा है.

कमल हासन बोले- सरकार का काम शराब बेचना नहीं

साउथ सुपरस्टार और नेता कमाल हासन ने मुख्यमंत्री विजय के फैसले की खुलकर तारीफ की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि तमिलनाडु के परिवार लंबे समय से चाहते थे कि धार्मिक स्थलों, स्कूलों और बस अड्डों के आसपास मौजूद शराब की दुकानें हटाई जाएं. कमल हासन ने कहा कि सरकार को शराब बेचने के बजाय उस पर नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए. उनके मुताबिक विजय ने मुख्यमंत्री बनते ही जनता की सबसे अहम मांगों में से एक पर कार्रवाई करके बड़ा संदेश दिया है. कमल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

विशाल ने सुनाई छात्रा की परेशानी, फैसले को बताया राहत

एक्टर विशाल ने भी मुख्यमंत्री विजय के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम हजारों परिवारों के लिए राहत लेकर आएगा. विशाल ने एक छात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि आरके नगर इलाके में रहने वाली लड़की को रोजाना TASMAC दुकान के सामने से गुजरना पड़ता था, जिससे उसे मानसिक तनाव और असुरक्षा महसूस होती थी. उन्होंने कहा कि स्कूलों और सार्वजनिक जगहों के पास शराब की दुकानें होने से महिलाओं और बच्चियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. विशाल ने विजय को सलाम करते हुए कहा कि इस फैसले से आम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटेगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा.

पढ़ें  MS Dhoni के अलावा ये दिग्गज भी IPL 2025 में बनेंगे 'अनकैप्ड' प्लेयर्स? देखें लिस्ट

चुनावी वादे की तरफ बढ़ी विजय सरकार

हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam ने 108 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था. बाद में सहयोगी दलों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत हासिल कर सरकार बनाई. अब मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय अपने चुनावी वादों को तेजी से लागू करते दिखाई दे रहे हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में इस समय TASMAC की 4,765 शराब दुकानें संचालित हो रही हैं. इनमें से उन दुकानों की पहचान की जा रही है जो मंदिरों, स्कूलों और बस अड्डों से 500 मीटर के दायरे में हैं. गौरतलब है कि साल 2025 में तमिलनाडु को शराब बिक्री से 48,344 करोड़ का राजस्व मिला था. इसके बावजूद विजय सरकार ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए यह बड़ा कदम उठाया है. उनकी पार्टी ने चुनाव के दौरान तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम करने का वादा किया था और अब उसी दिशा में शुरुआत होती दिखाई दे रही है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment