तिलपता आरओबी खुलने से मिली बड़ी राहत, ग्रेटर नोएडा-ग्रेनो वेस्ट का सफर हुआ आसान

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गाजियाबाद और दिल्ली के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 130 मीटर रोड पर तिलपता गोलचक्कर से मकौड़ा गोलचक्कर के बीच पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

दरअसल, करीब 1600 मीटर लंबे और चार लेन वाले इस आरओबी का निर्माण डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) द्वारा कराया गया है। इस ओवरब्रिज के नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजरती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लंबे समय से इस परियोजना को जल्द पूरा कराने के लिए प्रयासरत था और प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार लगातार इसकी प्रगति की निगरानी कर रहे थे।

अब तक 130 मीटर रोड पर भारी ट्रैफिक दबाव के कारण अंडरपास क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। आरओबी शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही सुगम हो गई है और यात्रियों का समय भी बचेगा।

इससे विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट, नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत होगी और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।

तिलपता गोलचक्कर पर बनेगा नया यू-टर्न

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 130 मीटर रोड को पूरी तरह जाम मुक्त बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया है। तिलपता गोलचक्कर के दोनों ओर नए यू-टर्न बनाए जाएंगे, जिसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। आगामी 3 से 4 महीनों में निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है।

पढ़ें  मजबूत नीव होगी तभी बनेगा विकसित भारत - आनंदीबेन पटेल

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। यू-टर्न बनने के बाद तिलपता चौराहे पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और यात्रियों को और अधिक राहत मिलेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment