लखनऊ. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन यूपी का राजनीतिक माहौल गर्म है. इस बीच वायरल हुई एक सूची ने बीजेपी के होश उड़ा दिए. कई विधायकों से लेकर टिकट के दावेदारों को सकते में डाल दिया. हालांकि अब वे राहत की सांस ले सकते हैं. यूपी बीजेपी ने 209 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की कोई सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की सूचना का खंडन किया है. पार्टी ने 209 प्रत्याशियों की कथित लिस्ट वाली खबर को पूरी तरह फर्जी और झूठा बताया है. यूपी बीजेपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस तरह की कोई सूची न तो प्रदेश नेतृत्व ने तैयार की है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है. पार्टी का कहना है कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है. बीजेपी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें, सिर्फ पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी सूचना को ही प्रामाणिक मानें.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के 209 उम्मीदवारों की कथित सूची के बारे में कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रही खबरों को पूरी तरह से खारिज किया. उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है. उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है.
संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक दल है, जहां विधानसभा अथवा किसी भी अन्य चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की एक सुव्यवस्थित, लोकतांत्रित और संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है, जो वर्तमान में शुरू भी नहीं हुई है. इस तरह का भ्रामक दुष्प्रचार एक सोची समझी साजिश है. ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ तत्वों की ओर से पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का वातावरण बनाने के लिए ये अफवाह फैलाई जा रही है. ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से आग्रह है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और केवल पार्टी के आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें.
