संचार नाउ। बिसरख के डूब क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया। इस अभियान में करीब 25 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार, कुछ कालोनाइजर डूब क्षेत्र में बाउंड्री कर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे, जिसे ध्वस्तीकरण कर रोक दिया गया। यह कार्रवाई सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर की गई।
एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी जरूर लें और अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचें।
सोमवार को वर्क सर्किल-3 की टीम ने खसरा संख्या 333 और 334 पर बने अवैध ढांचे गिराए। टीम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और प्रबंधक प्रशांत समाधिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी तिलपता, रोजा याकूबपुर, खेड़ा चौगानपुर और चिपियाना बुजुर्ग में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।
