मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के चोरगलिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने शेर नाला डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे, जहां हेलिपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान वाले डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया।
बताया गया कि बरसात के दौरान शेर नाला उफान पर आने से इस मार्ग पर आवागमन अक्सर बाधित हो जाता था, जिससे क्षेत्रीय लोगों और यात्रियों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
