सीएम योगी आज 4 जिलों के 50 हजार स्टूडेंट्स को देंगे टैबलेट, कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्जन लागू

Sanchar Now
3 Min Read

युवा शक्ति को आधुनिक तकनीक से लैस कर उन्हें समय के हिसाब से सक्षम और दक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार (20 नवंबर) को गोरखपुर मंडल के 50 हजार स्टूडेंट्स को टैबलेट वितरित करेंगे. स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण का समारोह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में होगा.

टैबलेट वितरण समारोह में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया व कुशीनगर की युवा प्रतिभाएं एक मंच पर जुटेंगी. वितरण का सबसे बड़ा हिस्सा गोरखपुर जिले के खाते में है, जहां के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 35000 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे.

डिजिटल क्रांति को मिलेगी नई गति!

इसके साथ ही गोरखपुर मंडल के अन्य तीन जिलों देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 विद्यार्थी भी इस उपहार के हकदार बनेंगे. एक ही दिन में 50 हजार युवाओं के हाथों में आधुनिक गैजेट पहुंचने से गोरखपुर मंडल में डिजिटल क्रांति को नई गति मिलेगी.

अब तक 141085 स्टूडेंट्स को मिले टैबलेट और स्मार्टफोन

गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत युवाओं को डिजिटल डिवाइस वितरित करने का यह अभियान काफी सफल रहा है. जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत से लेकर अब तक जिले के 141085 स्टूडेंट्स को टैबलेट और स्मार्टफोन से लाभान्वित किया जा चुका है.

जिले में आवंटित शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष बचे 52,800 टैबलेट कॉलेजों के माध्यम से बांटे जा रहे हैं, जिसका मुख्य आयोजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में होगा.

पढ़ें  जसपुर में भीषण कार हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी कार, 3 युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत, 2 गंभीर घायल

युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के नए रास्ते

इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर के साथ-साथ डिप्लोमा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट), पैरामैडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी सीधे तौर पर जोड़ा गया है. यह पहल न केवल पढ़ाई को आसान बना रही है, बल्कि युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोल रही है.

स्टूडेंट्स के लिए ज्ञान और सूचना का मजबूत माध्यम बन रहे डिवाइस

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मिलने वाले डिवाइस स्टूडेंट्स के लिए ज्ञान और सूचना का मजबूत माध्यम बन रहे हैं. इसके जरिये विद्यार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की ताजा जानकारी घर बैठे मिल रही है. वहीं, यूनिवर्सिटी और कॉलेज भी ‘फ्लैश मैसेज’ के माध्यम से कक्षाओं, सिलेबस और परीक्षाओं से जुड़े जरूरी अपडेट सीधे छात्रों के टैबलेट और स्मार्टफोन पर भेज रहे हैं.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment