CNG के बढ़ गए दाम, PNG ने भी जारी की नई रेट लिस्ट; यूपी के 5 शहरों में गैस हुई महंगी

Sanchar Now
6 Min Read

लखनऊ। यूपी के कई जिलों में महंगाई में एक और तड़का लगा है। चावल-दाल मसालों पर महंगाई की मार के बीच अब ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) और पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के दामों में इजाफा कर दिया है। कम्पनी ने लखनऊ समेत आगरा, उन्नाव, अयोध्या व सुलतानपुर में सीएनजी में दो रुपए प्रति किलो और पीएनजी में एक रुपए प्रति एससीएम (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की बढ़ोत्तरी की है। बढ़ी हुई दरें रविवार सुबह से लागू हो गई हैं।

दामों में हुए इस इजाफे के बाद लखनऊ व आगरा में सीएनजी के दाम 108 रुपए से बढ़कर 110 रुपए प्रति किलो हो गये हैं। अयोध्या व सुल्तानपुर में सीएनजी अब 106 रुपए प्रति किलो के स्थान पर 108 रुपए प्रति किलो मिलेगी। जबकि उन्नाव में सीएनजी के दाम बढ़कर 107 रुपए प्रति किलो हो गये हैं। इधर तीन अक्टूबर से अब तक लखनऊ में सीएनजी पांच रुपए प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है।

एक रुपए प्रति एससीएम महंगी हुई पीएनजी

शहरों में पाइप के जरिए घरों की रसोईं तक पहुंच रही पीएनजी भी महंगी हो गई है। कम्पनी ने 25 जनवरी के बाद पीएनजी के दामों में बदलाव किये हैं। कम्पनी ने पीएनजी में एक रुपए प्रति एससीएम की बढ़ोत्तरी की है। दामों में हुए बदलाव के बाद लखनऊ व आगरा में पीएनजी अब 57.50 प्रति एससीएम हो गई है। वहीं उन्नाव में 57 रुपए प्रति एससीएम और अयोध्या और सुल्तानपुर में 58.50 प्रति एससीएम हो गई है।

ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) के डीजीएम मार्केटिंग प्रवीण सिंह ने बताया कि सर्दियों में मांग बढ़ने और वैश्विक स्तर पर सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के कारण आरएलएनजी (रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) की खरीद लागत बढ़ गई है। जिस कारण सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव किया गया है।

पढ़ें  प्रधानमंत्री मोदी के लखनऊ आगमन को लेकर तैयारियां तेज, 21 नवंबर को यातायात डायवर्जन रहेगा लागू

शादी-ब्याह के कारण मंडी से मंडप तक महंगाई

सहालग शुरू होते ही बाजार में महंगाई की मार मंडी से मंडप तक दिखाई दे रही है। शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले खोया से लेकर फूलों तक के दाम में तेजी आ गई है। खोया 100 से 150 रुपये किलो तक महंगा हुआ है, जबकि फूलों के भाव दोगुने तक पहुंच गए हैं। कैटरिंग के रेट में भी 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। टेंट, होटल और मैरिज लॉन की बुकिंग महंगी होने के साथ ही डिजाइनर कपड़ों पर भी पांच हजार से 50 हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं। खाद्य सामग्री से लेकर सजावट और शादी की दूसरी व्यवस्थाओं तक महंगाई ने बजट बढ़ा दिया है। हालांकि सोने-चांदी के भाव में गिरावट से शादी वाले परिवारों को कुछ राहत मिली है।

कैटरिंग के रेट में करीब 20 फीसदी उछाल है, वहीं डिजाइनर कपड़ों की कीमतें भी बढ़ी हैं। सोने के भाव में गिरावट से सराफा बाजार में खरीदारी बढ़ी है। लोग शादी के लिए जेवर खरीदने के साथ रिश्तेदारों को व्यवहार में देने के लिए भी सोने-चांदी के आभूषण खरीद रहे हैं।

मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ खोया के दाम में भी तेजी आ गई है। एक किलो खोया पर 100 से 150 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे पेड़ा, बर्फी, कलाकंद और अन्य मावे से बनी मिठाइयों की लागत बढ़ गई है। शादी समारोहों में मिठाई और पकवान बड़ी मात्रा में तैयार कराए जाते हैं। ऐसे में खोया की कीमतों में उछाल का सीधा असर शादी के खानपान के बजट पर पड़ रहा है।

पढ़ें  CM योगी ने लॉन्च किया 'YAKSH' ऐप, माफिया और अपराधियों की पूरी जानकारी अब सिर्फ एक क्लिक पर

फूलों की मांग बढ़ने से रेट दोगुना

फूलों की मांग बढ़ने से कीमतें करीब दोगुना हो गई हैं। एक सप्ताह पहले 70 से 100 रुपये किलो बिकने वाला गेंदा अब 150 से 180 रुपये किलो तक पहुंच गया है। इसी तरह 300 से 400 रुपये किलो बिकने वाला गुलाब करीब 500 रुपये किलो में मिल रहा है। गुलदावरी के दाम भी 100 रुपये से बढ़कर 200 रुपये तक पहुंच गए हैं। गुलाब की माला 100 रुपये और वरमाला 500 से 1000 रुपये तक में मिल रही है। वहीं दूल्हे का सेहरा 4500 से 5000 रुपये तक में बिक रहा है। मंडप, स्टेज, गेट और वाहनों की सजावट में फूलों की खपत बढ़ने से कीमतों में तेजी बनी हुई है।

कैटरिंग और खाने का खर्च बढ़ा

शादी समारोहों में मेहमानों की आवभगत का खर्च बढ़ गया है। कैटरिंग कारोबारियों ने अपने रेट में करीब 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। पनीर, घी, तेल, मेवा और सब्जियों समेत खाद्य सामग्री महंगी होने से खाना बनाने और परोसने की व्यवस्था भी महंगी हो गई है। कैटरिंग और खाद्य सामग्री को मिलाकर कुल खर्च में करीब 25 फीसदी तक अतिरिक्त बोझ पड़ने की बात सामने आ रही है। मेहमानों की संख्या के हिसाब से भोजन की व्यवस्था कराने वाले परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment